- रांची गोशाला परिसर में एक दिवसीय गो कथा का आयोजन, गो सम्मान दिवस में अधिकाधिक सहभागिता का आह्वान
- गोमाता सनातन धर्म की प्राण हैं, गोसेवा से ही समाज और संस्कृति का कल्याण संभव : स्वामी गोपालानंद सरस्वती जी महाराज
- भारत भूमि से गोहत्या के कलंक को मिटाने के लिए एकजुट होना होगा : महाराज जी
टीम एबीएन, रांची। गोमाता के धार्मिक, आध्यात्मिक एवं सामाजिक महत्व को जन-जन तक पहुंचाने तथा गो संरक्षण और गो सम्मान के प्रति समाज में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से आज रांची गोशाला परिसर में एक दिवसीय गो कथा का आयोजन किया गया। कथा में बड़ी संख्या में गो प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कथा का प्रवचन करते हुए कथा वक्ता ग्वालसंत स्वामी गोपालानंद सरस्वती जी महाराज ने कहा कि गाय हमारी माता है। जिस दिन मनुष्य इस भाव को अपने हृदय में धारण कर लेगा, उसी दिन से उसके जीवन में सुख, शांति और सकारात्मकता का मार्ग प्रशस्त हो जाएगा। मनुष्य जीवन परमात्मा के भजन और सेवा के लिए मिला है।
गोमाता केवल पशु नहीं, बल्कि सनातन धर्म की प्राण हैं। गोवंश धर्म का मूल आधार है और गोसेवा भारतीय संस्कृति की आत्मा है।
महाराज जी ने कहा कि गोमाता की महिमा अनंत है। शास्त्रों में गोमाता में 33 करोड़ देवी-देवताओं तथा 68 करोड़ तीर्थों का वास बताया गया है। गोमाता की सेवा, परिक्रमा और उनके प्रति श्रद्धा रखना हमारी सनातन परंपरा का अभिन्न अंग है। गोमाता के प्रति विश्वास और समर्पण का भाव प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में होना चाहिए।
उन्होंने गोमाता के पंचगव्य, गोबर एवं गोमूत्र के पारंपरिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में गोमाता को आरोग्य, समृद्धि और पवित्रता का प्रतीक माना गया है। गोबर को लक्ष्मी और समृद्धि से जोड़कर देखा जाता है। गोमाता का संरक्षण केवल धार्मिक विषय नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और प्राकृतिक जीवनशैली की रक्षा का भी विषय है।
महाराज जी ने कहा कि गोमाता की महिमा को समझने के लिए हमें अपनी जीवनशैली में गोसेवा को स्थान देना होगा।
उन्होंने गोसेवा, गोपूजन और गोवंश के संरक्षण को प्रत्येक सनातनी का नैतिक दायित्व बताया। उन्होंने बताया कि गो नवरात्रि महोत्सव नौ दिनों तक विशेष श्रद्धा और नियमों के साथ मनाया जाता है। इस दौरान गोमाता के दूध पर रहकर साधना एवं आराधना करने की परंपरा भी है। उन्होंने कहा कि गोमाता की कथा का श्रवण भी श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक पुण्य और भक्ति का माध्यम है।
महाराज जी ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि आज समय आ गया है कि भारत भूमि से गोहत्या के कलंक को मिटाने के लिए पूरा समाज एकजुट हो। हमें अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं की रक्षा के लिए आगे आना होगा। गोवंश का संरक्षण केवल किसी एक संस्था या संगठन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि संपूर्ण समाज का दायित्व है।
17 दिसंबर को गो सम्मान दिवस में शामिल होने का आह्वान
महाराज जी ने कहा कि गो सम्मान आह्वान अभियान के तहत आगामी 17 दिसंबर 2026 को पूरे भारतवर्ष में गो सम्मान दिवस मनाया जाएगा। इसी क्रम में रांची के धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में दोपहर 12 बजे विशाल गो सम्मान दिवस कार्यक्रम आयोजित होगा।
उन्होंने समस्त गो प्रेमियों, धर्माचार्यों, सामाजिक संगठनों एवं सनातन धर्मावलंबियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रभात तारा मैदान पहुंचकर गो सम्मान आह्वान अभियान से जुड़ें और गोमाता के सम्मान, संरक्षण एवं संवर्धन के संकल्प को मजबूत करें।
दिल दिया है जान भी देंगे।।
गो माता तेरे लिए जीवन भी कुर्बान है।।
सोचने का समय गया ।। अब तू इतिहास बना
हिन्दू है मेरा धरम।। गो रक्षा मेरा करम
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि गोसेवा और गो कथा का उद्देश्य समाज को जागृत करना है।
यह किसी को नचाने, मनोरंजन करने अथवा दान लेने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोगों के भीतर गोमाता के प्रति श्रद्धा, संवेदना और सेवा का भाव जगाने का प्रयास है। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि वे कुछ समय निकालकर गोमाता की महिमा को समझें और गोसेवा के संकल्प को अपने जीवन में उतारें। कार्यक्रम में उपस्थित गो प्रेमियों ने गो संरक्षण एवं गो सम्मान के अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।