Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 175
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
समाज

गोपाष्टमी भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता की आराधना का पावन पर्व, गौ-संरक्षण एवं सेवा का देता है संदेश : संजय सर्राफ

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
गोपाष्टमी भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता की आराधना का पावन पर्व, गौ-संरक्षण एवं सेवा का देता है संदेश : संजय सर्राफ
विज्ञापन

टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट एवं विश्व हिंदू परिषद सेवा विभाग के प्रांतीय प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि भारतीय सनातन संस्कृति में गाय को माता का स्थान दिया गया है। गौ माता को समृद्धि, सुख, शांति, पोषण एवं समस्त देवशक्तियों का प्रतीक माना जाता है। इन्हीं धार्मिक और आध्यात्मिक मान्यताओं के साथ प्रतिवर्ष कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को गोपाष्टमी का पावन पर्व श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया जाता है। इस वर्ष गोपाष्टमी 17 नवंबर, दिन मंगलवार को मनायी जायेगी। 

गोपाष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण और गौ माता के प्रति श्रद्धा, सम्मान एवं कृतज्ञता प्रकट करने का विशेष अवसर है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन बालकृष्ण ने अपने बड़े भाई बलराम जी के साथ पहली बार बछड़ों के स्थान पर गायों को चराने की जिम्मेदारी संभाली थी। इससे पूर्व वे बछड़ों की सेवा एवं देखभाल किया करते थे। इस पावन प्रसंग के बाद भगवान श्रीकृष्ण को गोपाल एवं गोविंद के नाम से भी जाना जाने लगा। तभी से कार्तिक शुक्ल अष्टमी को गोपाष्टमी के रूप में मनाने की परंपरा प्रचलित हुई। 

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, गोकुल में भगवान श्रीकृष्ण बचपन से ही गायों और बछड़ों के प्रति विशेष स्नेह रखते थे। वे अपने सखाओं के साथ वन में जाकर बछड़ों को चराते और उनकी देखभाल करते थे। जब भगवान श्रीकृष्ण और बलराम जी की आयु बढ़ी, तब नंद बाबा ने उन्हें गायों को चराने का दायित्व सौंपा। कार्तिक शुक्ल अष्टमी के दिन दोनों भाई पहली बार पूर्ण रूप से गौ-चारण के लिए वन गए। इस दिव्य लीला की स्मृति में गोपाष्टमी का पर्व मनाया जाता है।इस दिन श्रद्धालु प्रात: स्नान कर स्वच्छ वस्त्र धारण करते हैं। 

गायों और बछड़ों को स्नान कराकर फूलों की माला पहनाई जाती है तथा उनके माथे पर तिलक लगाया जाता है। धूप-दीप, अक्षत, पुष्प एवं आरती से गौ माता की पूजा की जाती है। उन्हें हरा चारा, गुड़, रोटी, फल एवं अन्य पौष्टिक आहार अर्पित किया जाता है। श्रद्धालु गौशालाओं में जाकर गायों की सेवा करते हैं तथा उनकी परिक्रमा कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। भगवान श्रीकृष्ण की पूजा, भजन-कीर्तन एवं धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किये जाते हैं। गोपाष्टमी केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि जीवों के प्रति करुणा, दया, प्रेम और सेवा का संदेश देने वाला महापर्व है। 

इसका उद्देश्य गौवंश का संरक्षण, संवर्धन, पालन-पोषण तथा निराश्रित गायों की सेवा के प्रति समाज को जागरूक करना है। आज आवश्यकता है कि हम केवल धार्मिक अवसरों पर ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष गौ माता की सेवा और संरक्षण का संकल्प लें। गौ माता भारतीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था, कृषि संस्कृति और पर्यावरण संतुलन की भी महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। गोपाष्टमी हमें भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को आत्मसात करते हुए प्रकृति, पशु-पक्षियों एवं समस्त जीवों के प्रति संवेदनशील बनने की प्रेरणा देती है। यही इस पावन पर्व का वास्तविक उद्देश्य और मानव समाज के लिए सबसे बड़ा संदेश है।

विज्ञापन