सहस्रनाम पाठ व पावन बना दो हे देव सविता स्तुति के साथ छठ महापर्व अनुष्ठान संपन्न हुआ
एबीएन सोशल डेस्क। गायत्री परिवार साधकों ने छठ महापर्व अनुष्ठान श्रद्धापूर्वक संपन्न किये। इस पावन अवसर पर कुछ साधकों ने अपने परिवार व आवासीय सोसाइटीज परिसर में 24 घंटे का दीप प्रज्ज्वलन करके अखंड ज्योति के साक्ष्य में दो दिन जप-अनुष्ठान व गायत्री सहस्रनाम पाठ किए तथा सविता देवता से स्तुति की है कि हे ब्रह्म निष्ठों से आदि पूजित, वेदज्ञ जिसके गुणगान कर्ता, सद्भावना हम सबमें जगा दो पावन बना दो हे देव सविता।
इस दौरान साधक ने पूज्य गुरुदेव एवं वंदनीया माताजी के सूक्ष्म सानिध्य में छठ महापर्व अनुष्ठान के पावन अवसर पर कुछ साधकों ने गायत्री महामंत्र का जप-अनुष्ठान पुरश्चक्रण अंश में दो दिवसीय जप-अनुष्ठान व गायत्री सहस्रनाम पाठ किया। दो दिनों में गायत्री महामंत्र का सर्वतोभावेन 51 माला जप में 12 सहायक गायत्री मंत्रों के जप किये। इस दौरान पहली संध्या अर्घ्य बाद भक्तों ने भजन-कीर्तन किए।
संध्याकालीन सत्र में साधक ने पारिवारिक चर्चा में बताया कि गुरुवर श्रीपूज्यवर के अनुसार गायत्री माता, गायत्री मंत्र को ईश्वरीय सत्ता का मानवीय आदर्शवादिता का प्रतीक मानकर आराध्य चित्र के सम्मुख नित्य षटकर्म करना, न्यूनतम पांच मिनट इस सद्बुद्धिदायक मंत्र का मानसिक जप एवं सविता देवता के प्रकाश का नित्य ध्यान साथ उपासना साधना करनी चाहिए तथा अपने संबंधियों को भी करने की प्रेरणा देनी चाहिए। आस्तिकता का वातावरण हर घर में, हर मनुष्य के मन, जीवन में बना रहे, इसके लिए सदा प्रयत्न करना चाहिए। घर परिवार में आस्तिकताआध्यात्मिकता का वातावरण बना रहना चाहिए।
साथ ही जीवन साधना में अपने गौरव एवं वर्चस्व को सदा ध्यान में रखा जाना चाहिए, अपनी मूल सत्ता को ईश्वर का पवित्र एवं समर्थ अंश माना जाए और निरन्तर प्रयत्नशील रहा जाये। जीवन में गुण, कर्म, स्वभाव की उत्कृष्टता को अपनी सबसे बड़ी पूजा समझा जाए और इस आधार पर उत्पन्न हुई आत्म-शक्ति की मात्रा को जीवन की वास्तविक सफलता का अनुभव किया जा सकता है।
गुरूदेव श्री का कथन है कि जीवन साधना की धारणा में विशेषकर शिष्टता, सज्जनता, शालीनता, सहृदयता, चरित्रनिष्ठा, उदारता जैसी सत्प्रवृत्तियों से अंतरात्मा को अलंकृत करने के लिए अनवरत प्रयत्न करना अपेक्षित होता है। सूर्योदय अर्घ्यदान में छठी मैया और सविता देवता से सबके लिए स्वस्थ-सुखद जीवन व प्रगतिशील वातावरण विस्तार और उज्जवल भविष्य की मंगलमय मनोकामना की गयी। उक्त जानकारी गायत्री परिवार के जय नारायण प्रसाद ने दी।