- धनबाद पश्चिमी टुंडी प्रखंड क्षेत्र के शीतलपुर में लगभग 150 वर्षों से चली आ रही है लोक आस्था के महापर्व छठ की अनूठी परंपरा
- परिजनों के अलावा छठ की पूजा-अर्चना में ग्रामीणों का रहता है भरपूर श्रद्धा-समर्थन
- वर्षों से चली आ रही सांस्कृतिक विरासत का है प्रतीक
एबीएन न्यूज नेटवर्क, टुंडी (धनबाद)। 14 नवंबर शनिवार को टुंडी प्रखंड के पश्चिमी भाग मनियाडीह थाना एवं पंचायत अंतर्गत शीतलपुर गांव में लोक आस्था, शुद्धता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सैकड़ों वर्षों से चली आ रही गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। पीढ़ी-दर-पीढ़ी ग्रामीणों ने इस पावन परंपरा को पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ जीवित रखा है।
शीतलपुर गांव के निवासी सुजीत तिवारी एवं सूरज तिवारी के अनुसार सदियों पुराना इतिहास और अटूट आस्था बड़े-बुजुर्गों के अनुसार, शीतलपुर में छठ पूजा का इतिहास 150 वर्ष पुराना है। समय के साथ-साथ गांव का स्वरूप बदला, लेकिन छठ मैया और भगवान भास्कर के प्रति लोगों की आस्था और समर्पण आज भी वैसा ही अटूट है।
मान्यता है कि शीतलपुर के इस ऐतिहासिक छठ घाट पर सच्चे मन से मांगी गयी हर मनोकामना पूरी होती है। यही कारण है कि न केवल स्थानीय ग्रामीण, बल्कि रोजगार और अन्य कारणों से बाहर रहने वाले प्रवासी भी शीतलपुर गांव आने हेतु अन्तिम प्रयास करते हैं। अर्थात इस महापर्व में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव शीतलपुर जरूर लौटते हैं।
सामाजिक समरसता और स्वच्छता की मिसाल
शीतलपुर का छठ पर्व सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश करता है। नहाय-खाय से लेकर डूबते एवं उगते सूर्य को अर्घ्य देने तक पूरा गांव भक्तिमय माहौल में डूबा रहता है।
छठ घाटों की साफ-सफाई, सजावट और प्रकाश व्यवस्था में गांव के युवा, बुजुर्ग और स्थानीय समितियां बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती हैं। घाट तक जाने वाले रास्तों को स्वच्छ रखकर और आकर्षक विद्युत सज्जा कर पूरे क्षेत्र को दुल्हन की तरह सजाया जाता रहा है।
छठ गीतों से गूंजता है पूरा क्षेत्र
संध्या अर्घ्य और प्रात: कालीन अर्घ्य के समय शीतलपुर छठ घाट का दृश्य अत्यंत मनमोहक और मनोहर होता है। पारम्परिक छठ गीतों की मधुर ध्वनि, दीपों की प्रकाश और व्रतियों के अनुशासन से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर जाता है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पूर्वजों द्वारा शुरू की गयी इस महान परंपरा को आगे बढ़ाना पूरे शीतलपुर से ग्राम वासियों के लिए गर्व एवं सौभाग्य की विषय हैं। आने वाली पीढ़ियां भी इसी उत्साह और निष्ठा के साथ इस महापर्व को मनाती रहें। यही छठ मैया से हम-सभी प्रार्थना करते हैं।