एबीएन सोशल डेस्क। हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष संजय सर्राफ ने कहा है कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास जनजातीय वीरों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की गौरवगाथाओं से समृद्ध है। इन्हीं महान स्वतंत्रता सेनानियों में भगवान बिरसा मुंडा का नाम स्वर्णाक्षरों में अंकित है। वे केवल एक जनजातीय नेता ही नहीं, बल्कि समाज सुधारक, महान क्रांतिकारी, धार्मिक चेतना के अग्रदूत और आदिवासी समाज के स्वाभिमान के प्रतीक थे। उनकी जयंती प्रत्येक वर्ष 15 नवंबर को मनायी जाती है।
वर्ष 2021 से भारत सरकार ने इस दिवस को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की है। झारखंड में इसी दिन राज्य स्थापना दिवस भी मनाया जाता है। भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के खूंटी जिले के उलिहातू गांव में एक साधारण मुंडा जनजातीय परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम सुगना मुंडा तथा माता का नाम करमी हातू था।
बचपन से ही वे कुशाग्र बुद्धि, साहसी और संवेदनशील स्वभाव के थे। उन्होंने अपने आसपास आदिवासी समाज पर हो रहे शोषण, अत्याचार और अन्याय को निकट से देखा। अंग्रेजी शासन, जमींदारी व्यवस्था और बाहरी शोषक तत्वों के कारण आदिवासियों की जमीन, जंगल और पारंपरिक अधिकार छिनते जा रहे थे।
इससे उनके मन में अन्याय के विरुद्ध संघर्ष की भावना जागृत हुई। बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज को संगठित कर अंग्रेजी हुकूमत और शोषणकारी व्यवस्था के विरुद्ध ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया। उनके आंदोलन को उलगुलान अर्थात् महान विद्रोह के नाम से जाना जाता है। वर्ष 1899 के दौरान इस आंदोलन ने व्यापक रूप लिया।
उन्होंने आदिवासियों को जल, जंगल और जमीन पर उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने तथा सामाजिक एकता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने बेगार प्रथा, अन्यायपूर्ण लगान और शोषण के विरुद्ध आवाज बुलंद की। वे धरती आबा अर्थात धरती के पिता के नाम से भी लोकप्रिय हुए। अंग्रेजी सरकार ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। 9 जून 1900 को रांची जेल में मात्र 25 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया।
उनका संघर्ष और बलिदान आज भी देशवासियों को प्रेरणा देता है। उनके आंदोलन ने आदिवासी अधिकारों और भूमि संरक्षण के प्रश्नों को राष्ट्रीय चेतना में महत्वपूर्ण स्थान दिलाया। 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाने का उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के सभी जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान, संस्कृति, परंपरा और बलिदान को सम्मान देना है।
उनका जीवन हमें अन्याय के विरुद्ध संघर्ष, सामाजिक एकता, आत्मसम्मान, संस्कृति संरक्षण और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संदेश देता है कि साहस, संगठन और दृढ़ संकल्प से बड़े से बड़ा परिवर्तन संभव है। उनके आदर्शों को अपनाना और जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार एवं विकास के लिए संकल्पित होना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।