- अहोई अष्टमी पर श्री कृष्ण प्रणामी मंदिर में उमड़े श्रद्धालु
- 291वें अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद में हजारों भक्तों ने ग्रहण किया प्रसाद
एबीएन सोशल डेस्क। अहोई अष्टमी के पावन अवसर पर पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास का भव्य संगम देखने को मिला।
एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम में परमहंस डॉ. संत शिरोमणि स्वामी सदानंद महाराज जी के सानिध्य में अहोई अष्टमी पूजा एवं 291वें श्री कृष्ण प्रणामी अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद का श्रद्धापूर्वक आयोजन किया गया। इस अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मंदिर में श्री राधा रानी जी का आकर्षक आभूषणों एवं मनोहारी पुष्पों से दिव्य और अलौकिक श्रृंगार किया गया।
दोपहर 12 बजे मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद कुमार पांडेय ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान को महाप्रसाद का भोग अर्पित किया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच मसालेदार वेजिटेबल खिचड़ी, जूस एवं आलू चिप्स के पैकेट वितरित किए गए। मंदिर परिसर में उपस्थित दो हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक महाप्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर आयोजित भजन संध्या में ट्रस्ट के सुप्रसिद्ध भजन गायक मनीष सोनी ने सुमधुर एवं मनमोहक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु झूम उठे। राधे-कृष्ण एवं श्याम प्रभु के जयकारों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। इसके पश्चात सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने बताया कि अहोई अष्टमी के पावन अवसर पर सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। लगभग तीन हजार से अधिक भक्तों ने भगवान के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा नियमित रूप से आयोजित अन्नपूर्णा सेवा महाप्रसाद धार्मिक आस्था के साथ सेवा, समर्पण एवं मानव कल्याण का संदेश देता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, पूर्णमल सर्राफ, अरविंद अग्रवाल, मधुसूदन जाजोदिया, विष्णु सोनी, पवन पोद्दार, सुरेश भगत, मनीष सोनी, संजय सर्राफ, ज्ञान चंद्र शर्मा, धीरज कुमार सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।