- लोहरदगा : महानवमी के शुभ अवसर पर दुर्गाबाड़ी मंदिर में धीरज प्रसाद साहू ने मां दुर्गा का लिया आशीर्वाद, भव्य भंडारे में हुए शामिल
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने लोहरदगा स्थित दुर्गाबाड़ी मंदिर में मां दुर्गा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर वे मंदिर परिसर में आयोजित भव्य भंडारे में भी शामिल हुए। मंदिर समिति की ओर से पूर्व सांसद का स्वागत मां की चुनरी ओढ़ाकर किया गया।
शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर दुर्गाबाड़ी मंदिर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। मंदिर में मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों के बीच पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर रहा।
भव्य भंडारे में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और मां दुर्गा से सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। इस दौरान धीरज प्रसाद साहू ने मां दुर्गा के चरणों में शीश झुकाकर क्षेत्र की खुशहाली और लोगों के सुखमय जीवन की कामना की।
मंदिर समिति के सदस्यों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया और धार्मिक आयोजन में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि नवरात्र का पर्व आस्था, भक्ति और शक्ति की उपासना का प्रतीक है।
मां दुर्गा की आराधना हमें सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने मां दुर्गा से सभी लोगों के जीवन में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली बनाए रखने की कामना की।
कार्यक्रम में देवाशीष कार, सोमनाथ दत्ता, निमाई दास, निश्चय वर्मा, अमित वर्मा, रंजीत मुखर्जी सहित कई लोग मौजूद थे। सभी ने धार्मिक आयोजन में भाग लिया और मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त किया।