Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 32
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
समाज

रामगढ़ में 4 अक्टूबर से बहेगी श्रीमद्भागवत कथा की अमृतधारा

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
रामगढ़ में 4 अक्टूबर से बहेगी श्रीमद्भागवत कथा की अमृतधारा
विज्ञापन

प्रात: 9 बजे होगा आचार्य श्री मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज का रामगढ़ आगमन, भक्त करेंगे भव्य स्वागत 

4 अक्टूबर को झारखंड के राज्यपाल श्री संतोष गंगवार भी कथा में होंगे शामिल 

एबीएन न्यूज नेटवर्क, रांची/रामगढ़। रामगढ़ के जिमखाना क्लब रिसोर्ट में आगामी 4 से 10 अक्टूबर 2026 तक रामचंद्र रूंगटा की पुण्य स्मृति में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। वृंदावन के सुप्रसिद्ध कथाव्यास एवं भागवत मर्मज्ञ पूज्य आचार्य श्री मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज अपने श्रीमुख से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करायेंगे। 

आयोजन समिति के मुख्य यजमान आलोक रूंगटा ने बताया कि पूर्व सांसद अजय मारू के साथ उन्होंने झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर उन्हें श्रीमद्भागवत कथा में शामिल होने का आग्रह किया था। राज्यपाल महोदय ने 4 अक्टूबर को कथा में शामिल होने की सहमति प्रदान की है। आचार्य श्री मृदुल कृष्ण गोस्वामी जी महाराज का 4 अक्टूबर को प्रात: 9 बजे रामगढ़ आगमन होगा, जहां भक्तों एवं आयोजन समिति की ओर से उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया जायेगा। 

आयोजन का शुभारंभ 4 अक्टूबर, रविवार को प्रात: 10 बजे भव्य मंगल कलश शोभायात्रा के साथ होगा। शोभायात्रा के संचालन में रामगढ़ मारवाड़ी युवा मंच एवं रामगढ़ महिला चेतना समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय भूमिका निभायेंगे। श्रीमद्भागवत कथा प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक होगी। प्रथम दिवस श्रीमद्भागवत महात्म्य एवं मंगलाचरण के साथ कथा का शुभारंभ किया जायेगा। सात दिवसीय कथा के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, श्रीमद्भागवत के आध्यात्मिक संदेश तथा जीवन-मूल्यों से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया जायेगा।

 कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, ज्ञान, संस्कार और सकारात्मक जीवन-दृष्टि का संदेश प्राप्त होगा। कथा स्थल पर सातों दिनों तक भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहेगा। आयोजन समिति ने रांची, रामगढ़ सहित पूरे झारखंड के धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार एवं इष्ट-मित्रों के साथ कथा स्थल पर पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने तथा आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने का आग्रह किया है। 

कथा को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। धार्मिक, सामाजिक एवं व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, धर्मप्रेमियों तथा विशिष्ट अतिथियों के साथ बैठकें कर आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजन की सफलता के लिए विभिन्न संस्थाओं एवं समाज के लोगों का पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है। उक्त जानकारी समिति के प्रमोद सारस्वत ने दी।

विज्ञापन