Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 36
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
समाज

कोडरमा : आईलेक्स मल्टीप्लेक्स में युवाओं ने देखी हनुमान अंश फिल्म

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
कोडरमा : आईलेक्स मल्टीप्लेक्स में युवाओं ने देखी हनुमान अंश फिल्म
विज्ञापन
  • कोडरमा : आईलेक्स मल्टीप्लेक्स में युवाओं ने देखी हनुमान अंश फिल्म
  • आईलेक्स मल्टीप्लेक्स में हनुमान अंश फिल्म का विशेष प्रदर्शन, युवाओं को मिला संस्कार और सेवा का संदेश

एबीएन न्यूज नेटवर्क, झुमरी तिलैया (कोडरमा)। उजाला कॉम्प्लेक्स स्थित आईलेक्स मल्टीप्लेक्स में संत नीम करौरी बाबा के जीवन एवं उनके आध्यात्मिक विचारों से प्रेरित फिल्म हनुमान अंश का विशेष प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर अग्रवाल समाज के बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार के साथ फिल्म देखने पहुंचे। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं बुजुर्गों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली। विशेष रूप से बच्चों एवं युवाओं में फिल्म को लेकर काफी उत्साह नजर आया।

फिल्म प्रदर्शन से पूर्व श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। इसके पश्चात विधिवत आरती की गयी और भगवान हनुमान के जयकारों के बीच फिल्म का शुभारंभ हुआ। आध्यात्मिक वातावरण और पारिवारिक माहौल ने पूरे कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

कार्यक्रम के प्रायोजक व संयोजक मुकेश भालोटिया ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल फिल्म का प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि समाज में भगवान हनुमान के प्रति श्रद्धा एवं भारतीय संत परंपरा के प्रति प्रेम को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कार एवं आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना बेहद आवश्यक है। 

फिल्म के माध्यम से युवाओं में सेवा, संस्कार, सदाचार, अनुशासन और सकारात्मक जीवन-दृष्टिकोण को विकसित करने का संदेश देने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के परियोजना निर्देशक अरविंद चौधरी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी के सामने अनेक चुनौतियां हैं। ऐसे में भारतीय संस्कृति और संत परंपरा से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंग उन्हें सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। 

उन्होंने कहा कि फिल्म के माध्यम से युवाओं को अच्छे विचारों को अपने जीवन में अपनाने, माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने, जरूरतमंदों की सहायता करने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने का संदेश देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि संत नीम करौरी बाबा का जीवन सेवा, सरलता, भक्ति और मानव कल्याण की प्रेरणा देता है। हनुमान अंश के माध्यम से इन्हीं जीवन मूल्यों को नयी पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।

फिल्म के दौरान मल्टीप्लेक्स का माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक एवं पारिवारिक नजर आया। समाज के बुजुर्गों के साथ युवा-युवतियां और बच्चे भी एक साथ फिल्म का आनंद लेते दिखाई दिये। कई दर्शकों ने फिल्म के प्रेरणादायी प्रसंगों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी फिल्मों के माध्यम से मनोरंजन के साथ-साथ संस्कार एवं सकारात्मक सोच का संदेश भी समाज तक पहुंचता है।

मौके पर अग्रवाल समाज के अध्यक्ष कैलाश चौधरी, सचिव संजीव खेतान, जयंती संयोजक मनोज पिलानिया, अंकित चौधरी, सारिका लड्ढा, नेहा हिसारिया ने कहा कि हनुमान अंश केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, भक्ति और सेवा भाव से जुड़ा प्रेरणादायी संदेश है। उन्होंने कहा कि फिल्म के माध्यम से भगवान हनुमान के आदर्शों तथा संत परंपरा के जीवन मूल्यों को समाज और विशेषकर युवाओं तक पहुंचाने का सराहनीय प्रयास किया गया है।

कार्यक्रम में श्याम सुंदर सिंघानिया, महेश दारूका, जगदीश संघई, दीपक सिंघानिया, मनोज केंडिया, मुन्ना सुल्तानिया, दीनदयाल केडिया, संजय दारूका, सुजीत परशुरामपुरिया, संजय खेमानी, सुरेंद्र गुप्ता, संजीव अग्रवाल, रवि केडिया, रमेश भालोटिया, संजय अग्रवाल, राकेश सुरेका, मनोज लड्ढा, गोपाल मोदी, सुनील लोहिया, प्रदीप बंसल, प्रेम फतेसरिया अनूप सरावगी, विनीत संघई, आयुष पोद्दार, सोनु भालोटिया, बबीता केडिया, ज्योति संघई, उमा बजाज, शालु चौधरी, मिहिर खेतान, हर्षित सिंघानिया, विजय बजाज, अंकित खेतान, केशव चौधरी, अमित सिंघानिया सहित कई लोग उपस्थित थे।

कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालु भक्तों के बीच हनुमान चालीसा की पुस्तिकाएं एवं प्रसाद वितरित किया गया। उपस्थित लोगों ने भगवान हनुमान के जयकारे लगाये और समाज में सेवा, संस्कार एवं सद्भावना को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

आयोजकों ने कहा कि ऐसे आयोजन भारतीय संस्कृति एवं आध्यात्मिक मूल्यों को नयी पीढ़ी से जोड़ने के साथ-साथ परिवार और समाज के बीच आपसी जुड़ाव को भी मजबूत करते हैं। हनुमान अंश का यह विशेष प्रदर्शन झुमरी तिलैया में भक्ति, संस्कार और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला एक यादगार आयोजन बन गया।

विज्ञापन