देशभर से जुटेंगे मंच के सदस्य, चार दिवसीय आयोजन में होगा मारवाड़ महोत्सव
नये राष्ट्रीय अध्यक्ष का होगा चुनाव, बिरसा मुंडा की धरती पर दूसरी बार आयोजित होगा राष्ट्रीय अधिवेशन
टीम एबीएन, रांची। अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय नेतृत्व में दिसंबर माह में आयोजित होने वाला कारवां 2.0 राष्ट्रीय अधिवेशन इस बार मारवाड़ी युवा मंच, रांची शाखा के आतिथ्य में आयोजित किया जायेगा। चार दिवसीय इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर की विभिन्न शाखाओं से मंच के सदस्य एवं पदाधिकारी रांची पहुंचेंगे।
राष्ट्रीय अधिवेशन के दौरान अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव भी होगा। देशभर से आए प्रतिनिधि इस चुनावी प्रक्रिया में भाग लेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के कारण यह अधिवेशन संगठनात्मक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रहेगा। चैम्बर भवन में हुई प्रेस वार्ता में अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश एम जैन ने कहा कि वर्ष 2008 में मंच के सानिध्य में कारवां का ऐतिहासिक आयोजन हुआ था।
बिरसा मुंडा की पावन धरती रांची पर यह दूसरी बार होगा जब अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच का राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया जाएगा। इससे झारखंड एवं रांची के लिए इस आयोजन का महत्व और भी बढ़ जाता है। यह भी कहा कि अधिवेशन के दौरान झारखंड की समृद्ध संस्कृति और मारवाड़ी समाज की गौरवशाली परंपराओं को देशभर के प्रतिनिधियों के सामने प्रस्तुत करने के उद्देश्य से विभिन्न सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन का प्रमुख आकर्षण मारवाड़ महोत्सव रहेगा, जिसमें मारवाड़ी संस्कृति, परंपरा, कला, लोकाचार एवं खान-पान की विशेष झलक देखने को मिलेगी। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विभिन्न सत्रों, सामाजिक गतिविधियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं अन्य विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। देश के अलग-अलग राज्यों से आने वाले मंच के सदस्यों के माध्यम से रांची को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी संस्कृति, आतिथ्य एवं सामाजिक विरासत प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।
मंच के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि देशभर में हमारी 8000 शाखाएं समाज सेवा के कार्य में संलग्न हैं। समाज की युवा पीढ़ी सामाजिक कार्य करते हुए देश निर्माण में अपना योगदान दें इस उद्देश्य से युवा मंच कार्यरत है। अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच ऐसा विश्वविद्यालय है जो आनेवाली पीढ़ी को समाज और राष्ट्र के लिए तैयार करता है।
मारवाड़ी युवा मंच के प्रांतीय अध्यक्ष विशाल पाडिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पूरे राष्ट्र में झारखंड प्रांत हर क्षेत्रों में अव्वल प्रयास कर रहा है। झारखंड प्रांत को इस ऐतिहासिक अधिवेशन का आतिथ्य मिलना गौरव की बात है। इस आयोजन को भव्य रूप से आयोजित किया जायेगा। कारवां 2.0 राष्ट्रीय अधिवेशन में लगभग 3,000 सदस्यों एवं प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा एवं झारखंड प्रांतीय मारवाड़ी युवा मंच द्वारा तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं।
उक्त जानकारी मंच के प्रांतीय संयोजक अमित शर्मा ने देते हुए कहा कि कारवां 2.0 केवल एक राष्ट्रीय अधिवेशन नहीं, बल्कि देशभर के मारवाड़ी युवा मंच के सदस्यों के बीच संवाद, संगठनात्मक सहभागिता, सामाजिक सरोकार और सांस्कृतिक जुड़ाव का एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। रांची में होने वाला यह आयोजन झारखंड की मेहमाननवाजी और मारवाड़ी समाज की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगा। साथ ही उन्होंने इस आयोजन में समाज के सभी वर्ग के लोगों से बढ़ चढ़कर शामिल होने की अपील की।
प्रेस वार्ता के दौरान अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राहुल अग्रवाल, हेल्थ साथी चेयरमैन ललित जैन, झारखंड प्रांत के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष विनय अग्रवाल, विशेष आमंत्रित सदस्य अर्जुन सिंघानिया, मोनिका गोयनका, विनीता सिंघानिया, रांची शाखा के अध्यक्ष विकास अग्रवाल, सचिव मुकेश शर्मा और कोषाध्यक्ष अनीश सरावगी, उपस्थित थे। उक्त जानकारी प्रांतीय संयोजक अमित शर्मा ने दी।