Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 48
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
समाज

व्यास दिनेश भारद्वाज का श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में हुआ भव्य अभिनंदन

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
व्यास दिनेश भारद्वाज का श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में हुआ भव्य अभिनंदन
विज्ञापन

असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा करना मानव जीवन का महत्वपूर्ण दायित्व : भारद्वाज जी 

एबीएन सोशल डेस्क। जगन्नाथधाम के सुप्रसिद्ध कथावाचक एवं व्यास महाराज श्री दिनेश जी भारद्वाज का पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में श्रद्धा एवं सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया। मंदिर परिसर में आयोजित इस विशेष अवसर पर भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। व्यास महाराज को विधिवत व्यास पीठ पर विराजमान कराया गया। 

मौके पर एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ तथा मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडेय ने व्यास महाराज श्री दिनेश जी भारद्वाज को अंगवस्त्र ओढ़ाकर, श्री राधा-कृष्ण का लॉकेट पहनाकर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान से अभिभूत व्यास महाराज ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

व्यास पीठ से अपने संक्षिप्त संबोधन में श्री दिनेश जी भारद्वाज ने भगवान श्रीकृष्ण के स्वरूप, उनकी लीलाओं एवं भक्तिमय जीवन-दर्शन की सुंदर व्याख्या की। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, करुणा, धर्म, सेवा और लोककल्याण का संदेश देता है। उन्होंने पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर की भव्यता, आध्यात्मिक वातावरण और सुंदर स्थापत्य की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणादायी एवं आकर्षण का केंद्र बताया। 

व्यास महाराज के साथ पधारे सराफ परिवार के सदस्यों का भी ट्रस्ट की ओर से आत्मीय अभिनंदन किया गया। उन्हें अंगवस्त्र ओढ़ाकर तथा श्री राधा-कृष्ण का लॉकेट पहनाकर सम्मानित किया गया। इसके पश्चात श्री दिनेश जी भारद्वाज ने मंदिर के द्वितीय तल पर ट्रस्ट द्वारा संचालित सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम का निरीक्षण किया।

उन्होंने आश्रम में निवास कर रहे निराश्रित, दिव्यांग एवं जरूरतमंद प्रभुजनों से आत्मीय मुलाकात की तथा उनका कुशलक्षेम जाना। आश्रम में भोजन, स्वास्थ्य देखभाल, शिक्षा, योग, मनोरंजन एवं अन्य आवश्यक सेवाओं के माध्यम से की जा रही मानव सेवा को देखकर उन्होंने सेवा कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।

इस अवसर पर आश्रम में निवास कर रहे प्रभुजनों के बीच फल का वितरण भी किया गया। व्यास महाराज ने कहा कि असहाय एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा करना मानव जीवन का महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से ऐसे पुनीत सेवा कार्यों में तन-मन-धन से सहयोग करने का आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को आश्रय एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। 

इसके बाद व्यास महाराज मंदिर परिसर में स्थित श्री कृष्ण प्रणामी गौ सेवा धाम पहुंचे और गौसेवा की। उन्होंने गौसेवा के महत्व को रेखांकित करते हुए सेवा कार्यों से जुड़े सभी लोगों की सराहना की। पूरे कार्यक्रम में श्रद्धा, सेवा, सम्मान और आध्यात्मिकता का सुंदर समन्वय देखने को मिला। 

विज्ञापन