एबीएन न्यूज नेटवर्क, भंडरा। लोहरदगा भंडरा के झिको चट्टी में स्थित गणिनाथ मंदिर प्रांगण में शनिवार को मध्यदेशीय वैश्य समाज के तत्वावधान में 27 वां बाबा गणिनाथ पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। इसमें भक्ति और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अद्भुत संगम देखा गया। सुबह की शुरुआत बाबा गणिनाथ की विशेष पूजा-अर्चना और आरती से हुई। जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया था।
महोत्सव के दौरान बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये। इन कार्यक्रमों ने न केवल मनोरंजन किया, बल्कि लोगों को अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं से भी जोड़ा। सबसे खास बात यह रही कि इसमें युवा पीढ़ी की भागीदारी भी काफी उत्साहजनक थी। जिससे यह संदेश गया कि समाज अपनी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
समाज की एकजुटता का प्रतीक
इस महोत्सव में सभी जगहों से भी मध्यदेशीय वैश्य समाज के सदस्यों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में रामकिशोर साहू, दिलीप साहू, रामजी प्रसाद, सुरेश साहू, महेंद्र प्रसाद, शंकर प्रसाद गुप्ता जैसे गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया। यह आयोजन समाज के लोगों को एक साथ लाने और उनमें एकजुटता की भावना को मजबूत करने का एक बेहतरीन मंच साबित हुआ।
इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे से मिलकर सामाजिक और व्यावसायिक मुद्दों पर चर्चा की, जिससे आपसी भाईचारा और सहयोग बढ़ा। आयोजन समिति के सदस्यों ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया। जिनके सहयोग से यह महोत्सव सफल हो पाया। कहा कि यह महोत्सव हर साल और भी भव्य रूप से आयोजित किया जायेगा। ताकि बाबा गणिनाथ की महिमा और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।
यह महोत्सव भविष्य में भी इसी तरह से समाज को एक सूत्र में बांधता रहेगा। कार्यक्रम के डांस प्रतियोगिता में दीक्षा कुमारी चट्टी, दीप सीखा सेमरा, मिसु कुमारी चट्टी, शायरी में रिया कुमारी प्रयागो, घड़ा फोड़ में रीमा कुमारी और रामाशीष गुप्ता, चेयर रेस में गोपाल कुमार, दीपक कुमार, नेहा गुप्ता सहित सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।