राधे राधे जपो चले आयेंगे बिहारी... पर झूम उठे लोग
टीम एबीएन, रांची। परमहंस संत डॉ. सदानंद महाराज जी के पावन सानिध्य में एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट द्वारा संचालित पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण का छठी महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। छठी महोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था।
पूरे परिसर में भक्ति एवं आध्यात्मिकता का वातावरण बना रहा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। महोत्सव के अवसर पर भगवान श्री राधा-कृष्ण का जड़ित एवं आकर्षक आभूषणों से भव्य और मनोहारी श्रृंगार किया गया। भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप को सुंदर झूले में विराजमान कर विधिवत झूलन उत्सव भी मनाया गया। श्रद्धालुओं ने प्रेम एवं श्रद्धाभाव से भगवान को झूला झुलाया और परिवार की सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगल की कामना की।
बाल गोपाल के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।मंदिर के पुजारी पंडित अरविंद पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान भगवान श्री राधा-कृष्ण को विभिन्न प्रकार के दिव्य एवं स्वादिष्ट व्यंजनों का भोग अर्पित किया गया। भोग में विशेष रूप से केसरिया खीर, पेड़ा, माखन-मिश्री, पंजीरी, फल एवं नारियल शामिल रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान के बाल स्वरूप की आराधना कर भक्ति एवं श्रद्धा के साथ पूजा में भाग लिया।
पूजा-अर्चना के पश्चात भजन-जागरण का आयोजन हुआ। ट्रस्ट के भजन गायक मनीष सोनी एवं प्रणामी महिला समिति की सदस्यों ने भगवान श्रीकृष्ण के चरणों में मधुर एवं भावपूर्ण भजनों की प्रस्तुति दी। अच्युतं केशवं कृष्ण दामोदरम्, राधे-राधे जपो चले आएंगे बिहारी तथा गोविंद बोलो, हरि गोपाल बोलो जैसे भजनों की मधुर धुनों से पूरा मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर झूमने लगे और वातावरण पूरी तरह कृष्णमय हो गया।
इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण की वेशभूषा में सजीव चित्रण भी प्रस्तुत किया गया। बाल श्रीकृष्ण के मनोहारी रूप ने उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। श्रद्धालु इस मनमोहक प्रस्तुति को देखकर मंत्रमुग्ध हो गए और भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम के समापन पर भगवान श्री राधा-कृष्ण की विशेष सामूहिक महाआरती की गई। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने एक स्वर में भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए।
इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण का छठी महोत्सव सनातन परंपरा में विशेष धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व रखता है। भगवान के बाल स्वरूप की पूजा से वात्सल्य, प्रेम, श्रद्धा और समर्पण की भावना जागृत होती है। ऐसे आयोजन समाज में भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं, संस्कार एवं आपसी सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महोत्सव में डूंगरमल अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, अरविंद अग्रवाल, सुरेश चौधरी,पवन पोद्दार, मनीष सोनी, संजय सर्राफ, विद्या देवी अग्रवाल, शोभा जालान, सुनीता अग्रवाल, उर्मिला पाड़िया, विमला जालान, संतोष देवी अग्रवाल, मंगला मोदी,आशा मुंजाल, पूनम अग्रवाल, ललिता अग्रवाल, अनीता जालान, सरिता अग्रवाल, सहित बड़ी संख्या में ट्रस्ट के सदस्य, प्रणामी महिला समिति की सदस्य एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।