- नंदोत्सव में कृष्ण भक्ति से सराबोर हुआ श्री राधा-कृष्ण प्रणामी सेवाधाम मंदिर
- 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, 3 हजार भक्तों ने ग्रहण किया अन्नपूर्णा महाप्रसाद
टीम एबीएन, रांची। परमहंस डॉ. सदानंद जी महाराज के पावन सानिध्य एवं आशीर्वाद से संचालित एम.आर.एस. श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में रांची के पुंदाग स्थित श्री राधा-कृष्ण प्रणामी सेवाधाम मंदिर में नंदोत्सव हर्षोल्लास, श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में दिनभर आध्यात्मिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। नंदोत्सव को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा एवं मनमोहक रोशनी से सजाया गया था। पूरा मंदिर परिसर श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत नजर आ रहा था। भगवान श्री राधा-कृष्ण एवं श्री राधा रानी का विशेष श्रृंगार किया गया।
वृंदावन से मंगाए गए आकर्षक जड़ित आभूषणों से श्री राधा रानी को सुसज्जित किया गया, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।पुजारी पंडित अरविंद पांडेय के द्वारा विधिवत विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान श्री राधा-कृष्ण को विभिन्न प्रकार के भोग अर्पित किए गए। इसके पश्चात मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन एवं भक्तिमय संकीर्तन का आयोजन हुआ।
मधुर भजनों और संकीर्तन से पूरा वातावरण कृष्णमय हो गया। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। नंदोत्सव के अवसर पर ट्रस्ट की ओर से अन्नपूर्णा सेवा के तहत श्रद्धालुओं के लिए केसरिया खीर,स्वादिष्ट वेजिटेबल खिचड़ी एवं जलजीरा जूस वितरित किया गया। अन्नपूर्णा महाप्रसाद सेवा में 3 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
वहीं, दिनभर में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान श्री राधा-कृष्ण के दर्शन किए। भजन-कीर्तन के उपरांत सामूहिक महाआरती का आयोजन किया गया। महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान श्री राधा-कृष्ण की आराधना की और परिवार एवं समाज की सुख-शांति तथा समृद्धि की कामना की। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।
इसी क्रम में मंदिर परिसर स्थित श्री कृष्ण प्रणामी गौ सेवा धाम में भी विशेष गौसेवा का आयोजन किया गया।श्रद्धालुओं एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं ने गौसेवा कर धर्म, सेवा और करुणा का संदेश दिया। ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा कि नंदोत्सव केवल भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की आनंदमयी स्मृति का पर्व ही नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, सेवा, सद्भावना और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देने वाला उत्सव भी है।
उन्होंने कहा कि ट्रस्ट धार्मिक आयोजनों के साथ निरंतर सेवा कार्यों को भी प्राथमिकता देता रहा है। इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष डूंगरमल अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल, शिव भगवान अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, अंजनी अग्रवाल, पवन पोद्दार, संजय सर्राफ, सहित बड़ी संख्या में ट्रस्ट के सदस्य, सेवाभावी कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।