- निर्मल धाम में गूंजा श्री कृष्ण नाम, हजारों साधकों ने लिया आध्यात्मिक आशीर्वाद
- सहज योग परिवार, रांची के श्री कृष्ण पूजा समारोह में भक्ति, ध्यान और भजनों से भक्तिमय हुआ वातावरण
टीम एबीएन, रांची। सहज योग परिवार, रांची द्वारा रविवार को रिंग रोड, मनातू स्थित सहज मंदिर, निर्मल धाम में श्री कृष्ण पूजा समारोह का भव्य एवं आध्यात्मिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर रांची सहित पूरे भारत में सहज योग परिवार के विभिन्न केंद्रों पर श्री कृष्ण पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में सहज योगियों एवं श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर श्री कृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद सामूहिक ध्यान एवं श्री कृष्ण पूजा संपन्न हुई। भक्तिमय वातावरण में विभिन्न भजनों की प्रस्तुति ने उपस्थित साधकों को आध्यात्मिक आनंद से भर दिया। “आना सुंदर श्याम”, “आपकी कृपा से श्याम मेरा काम हो रहा है” तथा “कृष्ण गोविंद गोविंद गोविंद गाया करो” जैसे भजनों से पूरा निर्मल धाम श्री कृष्ण की भक्ति में सराबोर हो उठा।
पूजा एवं ध्यान के दौरान साधकों ने श्री कृष्ण के प्रेम, सत्य, धर्म एवं सहज जीवन के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया। सामूहिक ध्यान के माध्यम से उपस्थित लोगों ने आत्मिक शांति एवं आनंद का अनुभव किया। कार्यक्रम के समापन पर विधिवत महाआरती की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम की जानकारी राजेश (राजू) सोमानी ने दी।