- सामाजिक संस्था समर्पण एक नेक पहल को जनकल्याण कार्यों के लिए किया गया सम्मानित
एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। धनबाद रेलवे ऑडिटोरियम में रोटी बैंक यूथ क्लब के नवम स्थापना दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था “समर्पण एक नेक पहल” द्वारा किए जा रहे जनकल्याण एवं सामाजिक सेवा कार्यों के लिए संस्था के संस्थापक सह केंद्रीय अध्यक्ष दीपेश चौहान को सम्मानित किया गया।
रोटी बैंक यूथ क्लब के संस्थापक रवि शेखर ने दीपेश चौहान को मोमेंटो एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने “समर्पण एक नेक पहल” द्वारा रक्तदान, जरूरतमंदों की सहायता एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यों के माध्यम से समाज में किए जा रहे योगदान की सराहना की।
सम्मान प्राप्त करने के बाद दीपेश चौहान ने कहा कि यह सम्मान उनके लिए नहीं, बल्कि “समर्पण एक नेक पहल” से जुड़े सभी समर्पित सदस्यों और सहयोगियों के लिए है, जिनके निरंतर सहयोग एवं सेवा भावना से संस्था समाज के जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान सामाजिक कार्यों के प्रति जिम्मेदारी और उत्साह को और मजबूत करते हैं।
श्री चौहान ने रोटी बैंक यूथ क्लब के संस्थापक रवि शेखर को उनके उत्कृष्ट सामाजिक कार्यों के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके जन्मदिन के अवसर पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि समाजसेवा के क्षेत्र में रवि शेखर एवं रोटी बैंक यूथ क्लब का योगदान प्रेरणादायक है और ऐसे प्रयास समाज में मानवता एवं सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सेवा, मानवता और जनकल्याण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले लोगों एवं संस्थाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में “समर्पण एक नेक पहल” के सक्रिय सदस्य सोनू कुमार, धीरज सिंह, शिवम चौधरी, उदय प्रताप सिंह, रवि सिंह, पिंकी गुप्ता, संगीत सिंह सहित अन्य सदस्य एवं गणमान्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।