- श्री जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा पर आरएसएस ने किया सेवा कार्य
टीम एबीएन, रांची। भगवान श्रीजगन्नाथ की पावन रथ यात्रा पर आज रांची स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, रांची महानगर के स्वयंसेवकों ने सेवाकार्य किया।
प्रात: 4 बजे से दोपहर 3 बजे तक 200 से अधिक स्वयंसेवक मंदिर के गर्भगृह से भगवान श्रीजगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं माता सुभद्रा के विग्रहों को विधिवत नीचे लाने, सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के सुचारु आवागमन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संचालन में पूर्ण समर्पण, अनुशासन एवं सेवाभाव के साथ निरंतर सक्रिय रहे।
इस सेवाकार्य में राष्ट्र सेविका समिति, रांची महानगर की 15 बहनों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभायी तथा विभिन्न व्यवस्थाओं के संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा समाज जीवन के विविध क्षेत्रों में सेवा, संगठन और सामाजिक समरसता की भावना से निरंतर सेवाकार्य किये जाते हैं।
भगवान श्रीजगन्नाथ की रथ यात्रा के अवसर पर किया गया यह सेवाकार्य भी समाज के प्रति उत्तरदायित्व, अनुशासन और निस्वार्थ सेवा की उसी परंपरा का सशक्त उदाहरण है। उक्त जानकारी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, रांची महानगर के महानगर सह प्रचार प्रमुख शिवेंदु सागर ने दी।