Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
समाज

दादी तेरे दरबार में खुशियों की बहार है...

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
दादी तेरे दरबार में खुशियों की बहार है...
विज्ञापन

भक्ति, भजन और उल्लास से गूंजा श्री धोली सती दादी महोत्सव 

एबीएन सोशल डेस्क। श्री धोली सती दादी महिला समिति के तत्वावधान में पिस्का मोड़ काजू बागान स्थित वेस्टइंड रेजिडेंसी में गिरधारी लाल सर्राफ के आवास पर श्री धोली सती दादी जी का पावन उत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिला। दादी के जयकारों, मंगल पाठ एवं भक्ति रस से ओत-प्रोत भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। 

कार्यक्रम का शुभारंभ श्री धोली सती दादी जी के अलौकिक श्रृंगार एवं विधिवत पूजन-अर्चन से हुआ। इसके पश्चात मंगल पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक मनीष सोनी एवं मिनी कुमारी ने अपनी मधुर एवं भावपूर्ण प्रस्तुति से उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

भक्ति संध्या के दौरान दादी के सुप्रसिद्ध भजन दादी तेरे दरबार में खुशियों की बहार है, आओ दादी रानी, मेरे घर आओ, जय जय धोली दादी, जय जय सती दादी तथा मेरी दादी का दरबार बड़ा निराला है की मनमोहक प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भक्ति भाव से झूम उठे। 

पूरा वातावरण दादी के जयघोष और संकीर्तन से गुंजायमान हो गया। भजन संध्या के उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने सामूहिक आरती में भाग लेकर श्री धोली सती दादी से परिवार, समाज एवं राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की। 

इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। मौके पर गिरधारी लाल सर्राफ एवं शशि सर्राफ की 40 वीं वैवाहिक वर्षगांठ पर उपस्थित श्रद्धालुओं एवं समिति की महिलाओं ने दोनों को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं तथा उनके सुखमय, स्वस्थ एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की।

पूरे आयोजन में भक्ति, सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता का सुंदर संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में प्रेम, सद्भाव, पारिवारिक एकता और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को भी सुदृढ़ करते हैं। 

अंत में दादी के जयघोष एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। मौके पर बड़ी संख्या में समिति के सदस्यगण एवं परिवार के लोग उपस्थित थे। यह जानकारी श्री धोली सती दादी प्रचार समिति के मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 33,052