टीम एबीएन, रांची। निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यालय में विगत रात्रि पेट्रोल बम से किये गये हमले की विश्व हिंदू परिषद कड़ी निंदा करती है तथा सरकार एवं प्रशासन से हमलावरों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग करती है।
विश्व हिंदू परिषद के झारखंड प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र ने कहा विश्व के सबसे बड़े स्वयंसेवी संगठन जो राष्ट्र निर्माण के कार्य में लगा हुआ है उस पर इस प्रकार का हमला अत्यंत चिंता जनक है। यह छोटी घटना नहीं है इस घटना के पीछे राष्ट्रविरोधी शक्तियों का हाथ हो सकता है जिसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
प्रांत कार्यालय में प्रशासन द्वारा स्थायी सुरक्षा व्यवस्था रहनी चाहिए जिससे इस प्रकार की घटना की पुनरावृत्ति न हो। उक्त जानकारी विश्व हिंदू परिषद, झारखंड के प्रचार प्रसार प्रांत प्रमुख प्रकाश रंजन ने दी।