मोहिनी एकादशी पर गूंजा दादी जी का मंगलगान

 

  • मोहिनी एकादशी पर गूंजा दादी जी का मंगलगान
  • भक्ति से सराबोर हुआ कृष्णा अपार्टमेंट

एबीएन सोशल डेस्क। मोहिनी एकादशी के पावन अवसर पर रांची के रातू रोड स्थित कृष्णा अपार्टमेंट में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब श्री धोली सती दादी महिला समिति द्वारा संदीप सर्राफ के आवास पर श्री धोली सती दादी जी उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। पूरा वातावरण दादी जी के जयकारों, मंगल पाठ और भजनों से भक्तिमय हो उठा। 

कार्यक्रम का शुभारंभ दादी जी के विशेष श्रृंगार से किया गया। पीले, लाल एवं सुनहरे वस्त्रों, आकर्षक आभूषणों तथा सुगंधित पुष्पों से सुसज्जित दादी जी का दिव्य स्वरूप अत्यंत मनोहारी लग रहा था। जैसे ही श्रद्धालुओं ने दादी जी के दर्शन किए, उनके चेहरों पर श्रद्धा, आनंद और आस्था की चमक दिखाई देने लगी। 

महिलाओं ने पुष्प अर्पित कर दादी जी का वंदन किया और मंगल ज्योत प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके पश्चात सामूहिक मंगल पाठ का आयोजन हुआ। समिति की महिलाओं ने पूरी निष्ठा, समर्पण और भक्ति भाव से दादी जी की महिमा का गुणगान किया। वातावरण जय दादी री, जय दादी री, दादी तेरी महिमा अपरंपार,मेरे घर आई दादी रानी जैसे मंगल गीतों और भजनों से गूंज उठा। 

उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर तालियां बजाते हुए भजनों का आनंद लेते रहे। समिति की सक्रिय सदस्या सविता सर्राफ, करुणा बगला, शारदा जी सहित अन्य महिलाओं ने मधुर स्वर में कई भावपूर्ण भजन प्रस्तुत किए। भजन-संध्या के दौरान महिलाओं ने दादी जी के श्रीचरणों में सुख-समृद्धि, परिवार कल्याण, समाज उन्नति और विश्व शांति की कामना की। 

कई महिलाएं भजनों की धुन पर भावविभोर होकर झूम उठीं, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी आध्यात्मिक हो गया। पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं की सहभागिता अत्यंत उत्साहपूर्ण रही, यह आयोजन न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक बना, बल्कि महिलाओं की सामाजिक एकता और सांस्कृतिक जागरूकता का भी उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत कर गया। 

भजन-कीर्तन के पश्चात सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया। प्रसाद ग्रहण कर श्रद्धालुओं ने दादी जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक आरती के साथ हुआ, जिसमें सभी महिलाओं ने दीप जलाकर दादी जी की आराधना की। 

इस अवसर पर सविता सर्राफ, मंजू सर्राफ, शशि सर्राफ,मधु सर्राफ, संचिता सर्राफ, आशू सर्राफ, आशा सर्राफ, अनुराधा सर्राफ, रजनी सर्राफ, रेनू सर्राफ, रितु सर्राफ, बबीता मानपुरिया, मनीषा सर्राफ, करुणा बागला, सुनीता सर्राफ, श्वेता सर्राफ, सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।

श्री धोली सती दादी प्रचार समिति के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा कि धोली सती दादी नारी शक्ति साहस और संरक्षण की प्रतीक है उनकी आराधना से परिवार में शांति सुख और समृद्धि का वास होता है। तथा मोहिनी एकादशी भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त करने तथा मोह-माया से मुक्ति दिलाने वाला माना जाता है।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse