जनसंख्या असंतुलन, तीर्थ क्षेत्रों की समुचित विकास एवं देश के सभी नागरिकों के लिए अनुच्छेद 29 और 30 के प्रावधान एक हो विषयों पर मिलेंगे सांसदों से : डॉ बिरेन्द्र साहु
टीम एबीएन, रांची। विश्व हिन्दू परिषद, पटना क्षेत्र (झारखंड बिहार) के प्रतिनिधि मंडल सांसद संपर्क अभियान के तहत दोनों सदनों के सभी सांसदों से दिल्ली में 16 से 20 मार्च तक मिलकर तीन विशेष विषयों पर चर्चा करेंगे। क्षेत्र मंत्री डॉ बिरेन्द्र साहु ने बताया कि विहिप पटना क्षेत्र के प्रतिनिधि मंडल देश के कानून निर्माताओं से निवेदन करेंगे कि वर्तमान समय में जनसंख्या असंतुलन पर एक व्यापक राष्ट्रीय चिंतन की आवश्यकता है।
पिछली अनेक सरकारों ने इस बारे में अपने-अपने तरीके से काम किया लेकिन अब आवश्यकता इस बात की है कि इसकी बारीकियों पर चिंतन कर एक प्रभावी जनसंख्या नीति बने और नारी सशक्तिकरण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार तथा क्षेत्रीय और सांप्रदायिक जनसंख्या संतुलन नीतियों जैसे माध्यमों के साथ जन-मन की सहभागिता से यह कार्य आगे बढ़े।
डॉक्टर साहु ने बताया कि भारत धर्मप्राण देश है, जिसकी आत्मा तीर्थों में बसती है। तीर्थ विकास के बिना भारत के विकास की कल्पना अधूरी है। तीर्थ यात्राओं का देश की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय योगदान है।
इसलिए क्षेत्र के सभी सांसदों से निवेदन करेंगे कि तीर्थक्षेत्रों का समुचित विकास हो और वे भारत की अर्थव्यवस्था, संस्कृति और स्वाभिमान के केंद्र बिंदु बनकर, पुन: धर्म, आध्यात्म और मानव कल्याण के वैश्विक प्रहरी बनें। मंदिरों को सरकारी नियंत्रण से मुक्ति मिले, हिंदू का पैसा हिंदू हित में काम आये तथा तीर्थाटन के विकास के लिए संस्कृति मंत्रालय में एक स्वतंत्र विभाग का गठन कर इनका चहुंमुखी विकास हो।
तीसरे विषय के रूप में संविधान के अनुच्छेद 29 और 30 के प्रावधानों को देश के सभी नागरिकों के लिए समान रूप से लागू करने के लिए सांसदों से निवेदन करेंगे, जिससे सभी धर्मों को धार्मिक शिक्षा का भेदभाव रहित सामान संवैधानिक अधिकार सुनिश्चित हो सके। साथ ही अल्पसंख्यक को परिभाषित करने की आवश्यकता को भी रेखांकित करेंगे।
डॉ साहु ने कहा विहिप प्रतिनिधि मंडल बिना किसी राजनीतिक या विचार भेदभाव के हर दल के, हर मत- पंथ- संप्रदाय के और क्षेत्र के सभी सांसद से मिलकर खुलकर अपनी बात उनके समक्ष रखेंगे।
प्रतिनिधि मंडल के रूप में झारखंड प्रांत से प्रांत अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत, प्रांत सहमंत्री मनोज पोद्दार, विशेष संपर्क प्रांत प्रमुख अरबिंद सिंह व विशेष संपर्क प्रांत सहप्रमुख संतोष कुमार, उत्तर बिहार से प्रांत सहमंत्री इंदु शेखर, प्रांत सहमंत्री विकास भारती व सामाजिक समरसता प्रांत प्रमुख रवि प्रकाश तथा दक्षिण बिहार से विशेष संपर्क प्रांत सह प्रमुख विकास कुमार, सामाजिक समरसता प्रांत प्रमुख मैकू राम, नागेंद्र नागमणी, राकेश सिन्हा व संजय कुमार सिंह होंगे। उक्त जानकारी पटना क्षेत्र (झारखंड बिहार) विश्व हिंदू परिषद के डॉ बिरेन्द्र साहु (7033541040) ने दी।