टीम एबीएन, रांची। श्री माहेश्वरी सभा द्वारा संचालित श्री अन्नपूर्णा सेवा ने अपने 13वें वर्ष में प्रवेश किया। विगत 12 वर्षों से श्री माहेश्वरी सभा द्वारा यह सेवा पूर्णत: निस्वार्थ सेवा-भाव से संचालित की जा रही है, जिसके अंतर्गत प्रतिदिन लगभग 500 जरूरतमंद व्यक्तियों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।
अब तक 18,44,762 से अधिक लोग इस सेवा का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। यह सेवा आगे भी समाज-कल्याण की भावना के साथ निरंतर संचालित की जायेगी। मौके पर आयोजित वार्षिक समारोह में समाजोपयोगी विभिन्न कार्यक्रमों एवं भावी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गयी।
अन्नपूर्णा सेवा में सेवा प्रदान कर रहे सेवादारों के बीच संबंध विस्तृत किया गया यह आह्वान किया गया कि समाज के अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य से जुड़ें तथा अन्य सामाजिक मुद्दों के समाधान हेतु भी मंच को सशक्त बनायें। कार्यक्रम का संचालन करते हुए श्री मुकेश काबरा ने कहा कि समाज में भोजन की बर्बादी रोकना अत्यंत आवश्यक है।
विशेषकर विवाह एवं अन्य आयोजनों में भोजन के दुरूपयोग तथा अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण होना चाहिए। साथ ही बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर भी गंभीर चर्चा की गयी, जिसकी सभी सामाजिक संगठनों द्वारा कटु निंदा की गयी। आज के आयोजन में विशेष अतिथि राजीव मित्तल, विभिन्न सामाजिक संगठनों के अध्यक्षगण एवं सचिवगण उपस्थित रहे।
लगभग 300 से अधिक समाजबंधुओं ने अपनी सहभागिता निभायी। कार्यक्रम में रांची के विधायक सीपी सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम के पश्चात सभी उपस्थितजनों ने प्रसाद रूपी भोजन ग्रहण किया। उक्त जानकारी श्री माहेश्वरी सभा के पूर्व सचिव मुकेश काबरा ने दी।
इस आयोजन में मुकेश काबरा, अशोक साबू, राजकुमार मारू, शिव शंकर साबू, किशन साबू, बसंत लखोटिया, अंकुर डागा, मनोज काबरा, आदित्य मल्होत्रा, पुनीत पोद्दार, प्रदीप राजगढ़िया, पवन शर्मा, विनोद जैन, ललित पोद्दार, पवन बजाज, संजीव विजयवर्गीय, सीपी सिंह, सौरभ साबू, मनोज कल्याणी, मनोज चौधरी, निर्मल बुधिया, विनय मंत्री, पवन मंत्री सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही। सभी उपस्थितजनों ने निस्वार्थ सेवा भाव से इस सामाजिक कार्य को आगे बढ़ाने में निरंतर सहयोग देने का संकल्प लिया।