काशी तमिल संगमम्- 4.0 के 10वें दिन किसान प्रतिनिधियों के दल ने अयोध्या में रामलला के दर्शन किये
एबीएन सेंट्रल डेस्क। काशी तमिल संगमम् 4.0 के अंतर्गत आये किसानों के प्रतिनिधिमंडल के लिए गुरुवार का दिन भावनात्मक और ऐतिहासिक क्षण बन गया। प्रतिनिधिमंडल ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी और पवित्र सरयू नदी का दर्शन किया और इस अनुभव ने हर किसान के दिल को गहराई से स्पर्श किया।
जैसे ही किसान राम मंदिर के दर्शन स्थल पर पहुंचे, उनके कदम थम गये और आंखें नम हो उठीं। कई किसान भावुक होकर बोले कि यह केवल दर्शन नहीं, बल्कि 500 वर्षों की आस्था, संघर्ष और प्रतीक्षा की पूर्णता है।
प्रभु श्रीराम की भव्य प्रतिमा को देखते ही उनके भीतर संचित भावनाएं उमड़ पड़ीं। कुछ किसान तो हाथ जोड़कर खड़े ही रह गये, मानो उनके पास शब्द ही न बचे हों। उन्होंने कहा कि आज उन्हें महसूस हुआ कि सदियों की प्रतीक्षा का फल मिल गया।