Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
समाज

श्री धोली सती दादी जी के महोत्सव का भव्य आयोजन

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
श्री धोली सती दादी जी के महोत्सव का भव्य आयोजन
विज्ञापन

मंगल पाठ एवं भजन संध्या मे खूब झूमे दादी भक्त  

मेरी दुख हर लेती मेरी धोली सती दादी मां.... 

टीम एबीएन, रांची। सर्राफ भवन, काली मंदिर रोड डोरंडा रांची स्थित मनोज सर्राफ के आवास पर श्री धोली सती दादी जी का महोत्सव अत्यंत शानदार और श्रद्धा-भाव से संपन्न हुआ। पूरा परिसर दादी जी के जयकारों, भजनों और दिव्य आस्था से सराबोर रहा। भक्तों की बड़ी उपस्थिति के बीच महोत्सव भक्ति तथा संस्कृति की अनूठी छटां प्रस्तुत करता रहा। 

कार्यक्रम की शुभारंभ मनोज सर्राफ ने अपनी धर्मपत्नी उर्मिला सर्राफ के साथ विधिवत पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार, अखंड ज्योत प्रज्वलन एवं भोग अर्पण कर की। दंपति ने दादी जी से परिवार, समाज तथा राष्ट्र की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। महोत्सव के मुख्य आकर्षणों में दादी जी का भव्य, नयनाभिराम एवं अलौकिक श्रृंगार विशेष रहा। 

लाल-पीले आभूषणों, चमचमाते परिधानों, पुष्पमालाओं और रजत कलशों से सजी दादी जी की प्रतिमा दर्शनीय थी। भक्तों ने दर्शन कर आत्मिक शांति का अनुभव किया। श्रृंगार के उपरांत प्रसाद महाभोग का आयोजन किया गया, जिसमें छप्पन भोग, फल, मेवे, मिठाइयां एवं पारंपरिक व्यंजन अर्पित किए गए। अखंड ज्योत पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रज्ज्वलित रही, जिसे शुभता और शक्ति का प्रतीक माना जाता है। 

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा मंगल पाठ व भजन-कीर्तन, जिसमें श्री धोली सती दादी महिला समिति की सदस्यों शशि सर्राफ, शारदा पोद्दार एवं सविता सर्राफ ने अपनी मधुर वाणी से आध्यात्मिक वातावरण को और अधिक भव्य बना दिया। उनके द्वारा प्रस्तुत भजनों- रंग बरसे दादी के दरबार में..., मेरा हर दुख हर लेती मेरी धोली सती दादी, जय-जय धोली सती सती, मैया कर दो कृपा... जैसे सुमधुर गीतों ने उपस्थित भक्तों को श्रद्धा और भक्ति रस में डूबो दिया। 

भक्तों ने तालियों और गूंजते जयकारों के साथ भजनों का आनंद लिया। कई भक्त भक्ति में झूमते, नृत्य करते और दादी जी के चरणों में नतमस्तक होते दिखाई दिये। समिति की महिलाओं ने दादी जी की महिमा और उनके चमत्कारों से जुड़े प्रेरक प्रसंग भी सुनाये, जिन्हें सुनकर भक्तों में आस्था और मजबूत हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और वरिष्ठजन शामिल हुए। 

सभी ने दादी जी से प्रार्थना की कि वह परिवारों में शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि का आशीष बनाये रखें। महोत्सव के अंत में भक्तों के बीच महाप्रसाद वितरित किया गया। मनोज सर्राफ परिवार ने आगंतुकों का आभार जताते हुए कहा कि दादी जी की कृपा से आगे भी भक्ति, एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश देता रहेगा। 

मौके पर राम नारायण सर्राफ, गीता देवी सर्राफ, उर्मिला सर्राफ, शशि सर्राफ, मंजू सर्राफ, मधु सर्राफ, कान्ता सर्राफ, अनुराधा सर्राफ, करुणा बागला, संचिता सर्राफ, सुनीता सर्राफ, सविता सर्राफ, मनीषा सर्राफ, शारदा पोद्दार सहित बड़ी संख्या में दादी भक्त उपस्थित थे। उक्त जानकारी श्री धोली सती दादी प्रचार समिति के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने दी।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 101,994