- रांची के दुर्गाबाड़ी में मां दुर्गा की पारंपरिक विदाई
टीम एबीएन, रांची। रांची की दुर्गाबाड़ी में दुर्गा पूजा की पारंपरिक विधियों और रीति-रिवाजों के लिए खास पहचान रखता है। यहां पूजा-अर्चना से लेकर मां की विदाई तक हर आयोजन पूरी तरह परंपरा के अनुरूप किया जाता है।
विजयादशमी के पावन अवसर पर गुरूवार को देवी मां की डोली उठाकर पारंपरिक ढाक और ढोल की थाप पर भक्तों ने माता रानी को नम आंखों से विदाई दी। भावुकता और उत्सव का यह संगम बारिश के बावजूद पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ देखने को मिला।
मां की डोली उठाकर कंधों पर ले जाने की परंपरा यहां लंबे समय से निभाई जा रही है। इस साल भी भक्तों ने पारंपरिक अंदाज में मां की प्रतिमा को डोली पर सजाया और कंधों से उठाकर जलाशय की ओर प्रस्थान किया। चारों ओर जय मां दुर्गा और बोलो दुर्गा माई की जय के जयकारे गूंजते रहे। डोली यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए।