टीम एबीएन, रांची। झारखंड की गौरवशाली आदिवासी महिला, उद्यमी और डिजाइनर तृप्ति कुमारी लकड़ा ने एक बार फिर अपने जज्बे और मेहनत से राज्य का नाम रोशन किया है। तृप्ति का चयन एलेविटा मिसिज इंडिया वर्ल्ड 2025 के अंतिम चरण के लिए हुआ है। यह वही मंच है, जिसे मिसिज वर्ल्ड जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता का आधिकारिक भारतीय चयन द्वार माना जाता है।
संघर्ष से सफलता तक
अठारह वर्ष की आयु में पिता को खोने का गहरा आघात झेलने के बावजूद तृप्ति ने हार नहीं मानी। उन्होंने जीवन को एक नए उद्देश्य और दृष्टिकोण के साथ जीना शुरू किया। कठिन परिस्थितियों से गुजरते हुए भी अपने सपनों को थामे रखना उनकी सबसे बड़ी ताकत रही।
पालतू पशुओं के लिए ब्रांड डर्टी पॉज
पशु-पक्षियों, विशेषकर कुत्तों के प्रति उनके गहरे लगाव ने उन्हें डर्टी पॉज नामक ब्रांड की स्थापना करने के लिए प्रेरित किया। यह ब्रांड न सिर्फ पालतू जानवरों के लिए आभूषण और एक्सेसरीज बनाता है, बल्कि सड़क पर रहने वाले कुत्तों के लिए रिफ्लेक्टिव कॉलर भी तैयार करता है, ताकि वे रात के समय सड़क दुर्घटनाओं से सुरक्षित रह सकें। यह पहल तृप्ति के सामाजिक सरोकारों को भी उजागर करती है।
प्राणिक हीलिंग से जीवन में संतुलन
तृप्ति प्राणिक हीलिंग की साधक भी हैं। उनका कहना है कि इस साधना ने उन्हें स्वास्थ्य, प्रेम, समृद्धि और आत्मा के बीच संतुलन साधना सिखाया। तृप्ति का मानना है कि सौंदर्य केवल बाहरी रूप में नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और उद्देश्य में भी निहित होता है।
व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन का संतुलन
हाल ही में विवाह के बाद भी तृप्ति ने अपने सपनों को रुकने नहीं दिया। उन्होंने यह सिद्ध किया है कि एक महिला अपने व्यक्तिगत और पेशेवर जीवन के बीच संतुलन बनाकर दोनों में सफलता हासिल कर सकती है। अपनी उपलब्धि पर तृप्ति कहती हैं कि यह मंच केवल सौंदर्य का नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और उद्देश्य का है। मैं चाहती हूं कि मेरी यात्रा से हर महिला यह महसूस करे कि वह असीमित है।
झारखंड के लिए गर्व का क्षण
एलेविटा मिसिज इंडिया वर्ल्ड 2025 का भव्य समापन आगामी महीनों में होगा। तृप्ति पूरे समर्पण और मेहनत के साथ तैयारी कर रही हैं। उनका यह कदम न केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता है, बल्कि झारखंड की हर उस महिला के लिए प्रेरणा है, जो अपने सपनों को साकार करने की राह में संघर्षरत है। झारखंड के लिए यह गर्व का क्षण है कि यहां बेटी अब राष्ट्रीय मंच पर अपनी चमक बिखेरने जा रही है।