टीम एबीएन, रांची। श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट रांची के तत्वावधान में एवं नृत्य श्री डांस स्टूडियो, कटहल मोड़ के सौजन्य से कल दिनांक 25 सितंबर, गुरुवार को सायं 4 बजे से रात्रि 10 बजे तक श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर, पुंदाग परिसर में एक भव्य डांडिया एवं गरबा डांस महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया है।
आयोजन को लेकर विशेषकर युवाओं और महिलाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। इस रंगारंग कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ एवं नृत्य श्री डांस स्टूडियो की संयोजिका पिंकी सिंह ने संयुक्त रूप से जानकारी दी कि यह आयोजन भारतीय संस्कृति की गरिमा और पारंपरिक लोकनृत्य की विरासत को जन-जन तक पहुंचाने का एक प्रयास है।
कार्यक्रम में गरबा और डांडिया की सुंदर प्रस्तुतियों के साथ-साथ पारंपरिक गुजराती वेशभूषा में सजे युवक-युवतियां आकर्षण का केंद्र होंगे। पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों एवं पारंपरिक सजावट से सुसज्जित किया गया है। नवरात्रि की पावन भावना को जीवंत करती संगीत की मधुर धुनें और तालबद्ध कदमों की गूंज पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं उल्लासपूर्ण बना देंगी।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश पूर्णत: नि:शुल्क है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग लेकर भारतीय सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ सकें। आयोजन को पारिवारिक उत्सव का स्वरूप देने हेतु बच्चों, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों बैठने की समुचित व्यवस्थाएं की गयी हैं।
साथ ही स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल्स भी लगाये गये हैं। इस आयोजन के माध्यम से श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट एवं डांस स्टूडियो का उद्देश्य न केवल सांस्कृतिक समरसता को बढ़ावा देना है, बल्कि समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सौहार्द का वातावरण भी निर्मित करना है। उक्त जानकारी श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के प्रवक्ता सह मीडिया प्रभारी संजय सर्राफ ने दी।