तेरापंथ युवक परिषद् रांची के द्वारा 17 सितंबर को रांची एवं आसपास जगह में 18 जगह पर रक्तदान शिविर लगाया जायेगा
टीम एबीएन, रांची। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (अभातेयुप) अपने 61वें स्थापना दिवस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर 17 सितंबर को दुनिया का सबसे बड़ा रक्तदान अभियान चला रहा हैं। अभातेयुप केंद्र सरकार के सहयोग से रक्तदान अमृत महोत्सव 2.0 आयोजित कर रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, रेल मंत्रालय, युवा मामले और खेल मंत्रालय भी इस अभियान से जुड़े हैं।
अभातेयुप के तत्वाधान मे तेरापंथ युवक परिषद रांची के द्वारा समाजिक संगठनों एवं संस्थाओं के साथ संयुक्त रूप से रांची जिले मे 10 जगह एवं आसपास के जिलों मे 8 शिविर लगाये जा रहे हैं। तेरापंथ युवक परिषद रांची के द्वारा इस बार 1000 यूनिट रक्तदान करवाने का लक्ष्य रखा गया है।
रांची सांसद संजय सेठ के विशेष सहयोग से सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत उनके आवास स्थान पर रक्तदान शिविर, राष्ट्रीय सेवा योजना के एनएसएस इकाइयों के सहयोग से विश्वविद्यालयों मे, रेलवे के सहयोग से आरपीएफ कैंप इसके अलावा आईआईएम रांची, सेवा सदन, हेल्थ पॉइंट ब्लड बैंक, मोशन क्लासेस लालपुर, जेबरोनिक्स पीपी कंपाउंड एवं वाईबीएन यूनिवर्सिटी आदि मे शिविर लगाये जा रहे हैं। रिम्स ब्लड बैंक, सदर हॉस्पिटल, हेल्थ पॉइंट हॉस्पिटल, नागरमल मोदी सेवा सदन ब्लड बैंक एवं उनके डॉक्टर्स, तकनीकी टीम आदि का रक्तदान संग्रहित करने मे सहयोग रहेगा।
तेरापंथ युवक रांची परिषद के साथ श्री जैन श्वेतांबर ओसवाल संघ रांची, श्री तेरापंथी सभा रांची, साधुमार्गी जैन संघ रांची, तेरापंथ महिला मंडल आदि के संयुक्त सहयोग से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक रक्तदान करवाया जा सके।
तेयुप के राज्य संयोजक सिद्धार्थ चोरड़िया एवं विशाल दस्सानी के अनुसार पुरे झारखंड में सामाजिक संगठनों एवं सरकारी एवं निजी संस्थानों के सहयोग से 35-40 शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविर के संयोजन में विशाल दस्सानी, ललित सेठिया, विकाश नाहाटा, सुरेश जैन, नेहा बैंगानी, खुशबु दस्सानी, विनय बेगवानी, विकास सुराना, बालबीर बोथरा, अमित बैंगानी, आकाश बैंगानी, प्रिया कोठारी, विवेक दस्सानी, सोनू पारख, ज्योति दूगर, पूजा नाहटा, विशाल सिंघी, रश्मि सिंघी, कीर्ति बोहरा, अरिहंत सिंघवी, रिद्धि बांठिया आदि विशेष सहयोग कर रहे हैं।
ऐसा पहली बार है, जब किसी भारतीय संगठन के आह्वान पर देश के अलावा 75 अन्य देशों में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाएगा और एक नया रिकॉर्ड बनाया जायेगा। विदित हो कि प्रत्येक वर्ष 17 सितंबर को अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (अभातेयुप) द्वारा वर्ष 2012 से ही पुरे विश्व भर में रक्तदान शिविर लगाया जाता है। 2022 में पूरे विश्व भर मे 2 लाख 50 हजार यूनिट का संग्रहण हुआ था जो कि गिनीज बुक आॅफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल हैं। उक्त जानकारी तेयुप रांची रक्तदान शिविर संयोजक के सुरेश जैन ने दी।