टीम एबीएन, रांची। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्थानीय सेवा केंद्र चौधरी बगान, हरमू रोड की केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने जानकारी देते हुए कहा कि संस्था की पूर्व मुख्य प्रशासिका दादी प्रकाशमणी जी के स्मृति दिवस विश्व बंधुत्व दिवस के अवसर पर इस वर्ष ब्रह्माकुमारी के तत्वावधान में मानवता की सेवा हेतु एक लाख यूनिट ब्लड जमा करने का लक्ष्य रखा गया है।
इस महान लक्ष्य को पूरा करने के उद्देश्य से दादी प्रकाशमणी जी के स्मृति दिवस के पूर्व संध्या के अवसर पर ब्रह्माकुमारी संस्थान चौधरी बगान (शिवम अपार्टमेंट तथा चुननी लाल स्वीट्स के बीच की गली) विशाल मेगामार्ट, हरित भवन के सामने हरमू रोड में दिनांक 24 अगस्त 2025 दिन रविवार को प्रात: 9.30 बजे से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया है।
उक्त शिविर में प्रसिद्ध अधिवक्ता व समाजसेवी आनंद पसारी जी भी उपस्थित रहेंगे जिन्होंने अबतक 139 बार रक्त दान किया है, इस हेतु राष्ट्रपति ने उन्हें सम्मानित किया है। ब्रह्माकुमारी निर्मला बहन ने बताया कि ब्रह्माकुमारी संस्थान दिल्ली एनसीआर में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी रक्तदान किया। रक्तदान से होने वाले लाभ के बारे में जानकारी देते हुए ब्र०कु० निर्मला बहन ने कहा कि रक्त दान करने से मानव जीवन बचाने की खुशी होती है े रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है, हार्ट अटैक, कोलेस्ट्रोल, कैन्सर जैसी बीमारियों से बचाव होता है। इम्युनिटी भी बढ़ती है।
उन्होंने कहा कि रक्त की कमी से प्रतिवर्ष अनेक लोगों को कठिनाईयों का सामना करना पड़ता है। एक यूनिट रक्त से तीन जीवन बचाए जा सकते हैं। अत: सभी नागरिकों, युवाओं एवं महिलाओं से निवेदन है कि इस अभियान में भाग लेकर रक्तदान अवश्य करें और पुण्य के भागी बनें े यदि पूर्व रजिस्ट्रेशन करना चाहे तो 9334441740 या 8709196776 पर कॉल करें।