सावन के दूसरे सोमवार पर टूटे रिकॉर्ड, 10 घंटे से लाइन में लगे कांवरिये... 10 किमी लंबी लाइन
एबीएन न्यूज नेटवर्क, देवघर। सावन की दूसरी सोमवारी आज है। शास्त्रों के अनुसार सावन के महीने में भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती धरती पर विराजमान रहते हैं। इस महीने में भक्त अपने-अपने तरीके से भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने में लग जाते हैं।
माना जाता है कि सावन के महीने में जो भी भक्त कांवर यात्रा कर शिवलिंग के ऊपर जल चढ़ाते हैं, उनकी मनोकामनाएं जरूर पूरी होती हैं। देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में सावन की दूसरी सोमवारी के दिन भक्तों की भीड़ लगी हुई है।
सावन की दूसरी सोमवारी के दिन बाबा बैद्यनाथ मंदिर में भीड़ का हाल यह है कि भक्तों की कतार मुख्य मंदिर से 10 किलोमीटर दूर नंदन पहाड़ से आगे तक पहुंच गई है। वहां से धीरे-धीरे भक्त कतार में लगकर बाबा मंदिर की ओर बढ़ रहे हैं और बाबा बैद्यनाथ के ऊपर जल चढ़ा रहे हैं।
कई भक्त ऐसे होते हैं जो लंबी कतारों में लंबे समय तक खड़े नहीं हो पाते हैं। चाहे वे बच्चे हों, बुजुर्ग हों या महिलाएं। ऐसे भक्तों के लिए देवघर जिला प्रशासन द्वारा मंदिर परिसर में बाहरी अर्घा की भी व्यवस्था की गई है।
इस व्यवस्था के माध्यम से हजारों की संख्या में लोग जल चढ़ा रहे हैं। जो भी भक्त बाहर से आ रहे हैं वे आसानी से जल चढ़ा सकें, इसके लिए सीआरपीएफ की एक कंपनी बाबा मंदिर के निकास द्वार पर तैनात है ताकि उनको किसी भी तरह की परेशानी न हो।
पिछले सोमवार की तुलना में इस सोमवार शिवभक्तों की भीड़ काफी ज्यादा है। पूरा मंदिर परिसर शिवभक्तों से भरा हुआ है। जिला प्रशासन का अनुमान है कि मंदिर के कपाट बंद होने तक 3.50 लाख से भी ज्यादा कांवरिया जल चढ़ा चुके होंगे। भक्तों की संख्या और भी अधिक हो सकती है।