रांची के जगन्नाथपुर मंदिर में बुधवार को देव स्नान कार्यक्रम, 27 जून को निकाली जायेगी भव्य रथ यात्रा
टीम एबीएन, रांची। जगन्नाथपुर मंदिर धुर्वा, रांची में बुधवार को परंपरागत देव स्नान यात्रा पूरी श्रद्धा, उल्लास और भक्ति भाव से आयोजित की जायेगी। यह उत्सव भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के वार्षिक रथयात्रा महोत्सव की शुरूआत का प्रतीक है, जिसकी तैयारियां कई सप्ताह पहले से प्रारंभ हो चुकी हैं। मंदिर समिति और सेवायतों द्वारा पूरी विधिपूर्वक इस पावन आयोजन को संपन्न कराया जायेगा।
11 जून को देव स्नान यात्रा का भव्य आयोजन किया जायेगा। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 5 बजे सुप्रभातम् और 6 बजे मंगल आरती से होगी। दोपहर एक बजे से विशेष पूजा प्रारंभ होगी। 12 बजे भगवान को भोग अर्पण किया जायेगा और फिर मंदिर के पट बंद हो जायेंगे। इसके बाद महाप्रभु जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को गर्भगृह से निकालकर शोभायात्रा के रूप में स्नान मंडप लाया जायेगा।
यहां तीनों विग्रहों का स्नान 51-51 मिट्टी के कलशों में संग्रहित औषधीय जल से किया जायेगा। सबसे पहले भगवान बलभद्र, फिर सुभद्रा और अंत में भगवान जगन्नाथ का स्नान संपन्न होगा। स्नान अनुष्ठान का नेतृत्व पुजारी रामेश्वर पाढ़ी, सरयू नाथ मिश्रा, कौस्तुभधर नाथ मिश्रा और श्रीराम मोहंती करेंगे। मौके पर प्रथम सेवक सेवायत ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव जजमान के रूप में उपस्थित रहेंगे।