एबीएन सोशल डेस्क। पर्वाधिराज पर्युषण श्री जैन श्वेतांबर साधु मार्गी संघ एवं तेरापंथ धर्म संघ का संयुक्त रूप से दिगंबर जैन भवन में चल रहा है।
श्वेतांबर जैन श्री साधु मार्गी संघ के आज अंतिम आठवें दिन के कार्यक्रम में स्वाध्यायी बंधु गौतम जी रांका और सुरेशजी बोरडिया ने सुबह अंत:गढ़ सूत्र का वांचन किया एवं प्रवचन में बताया कि भगवान महावीर ने कहा है- क्षमा वीरस्य भूषणं अर्थात क्षमा ही वीरों का भूषण है क्षमा हमारे जीवन में आवश्यक है, संसार में रहते हुए कई तरह की भूलें हो जाना स्वाभाविक है ऐसी भूलों से एक दूसरे के प्रति ऐसी स्थितियां उत्पन्न हो जाती है कि जिनसे परस्पर मतभेद और द्वेष की भावना आ जाती है। ऐसे द्वेष को दूर करने के लिए सबसे सरल उपाय है क्षमा।
क्षमा मनुष्य का एक सर्वश्रेष्ठ गुण है क्षमा से हम दुश्मन को भी मित्र बना सकते हैं और दुश्मनी को सदा सदा के लिए नष्ट कर सकते हैं। संवत्सरी का पर्व क्षमा के रूप में ही जाना जाता है। यही एक मात्र ऐसा पर्व है जो हमें त्याग, क्षमा, मैत्री का भाव सिखाकर आत्म कल्याण के लिए अग्रसर करता है। क्षमा वर्तमान में जीना सिखाती है, क्षमा पारिवारिक पृष्ठभूमि होती है, क्षमा शैतान को सन्त बनाने में सक्षम होती है क्षमा हर परिस्थिति में समभाव रखने की प्रेरणा देती है। शास्त्रों में कहा गया है, खामेमि सव्व जीवा, सव्व जीवा खमन्तु में।
मिति में सव्वे भुएसु, वेरं मज्ज्झम न केणइ। अर्थात क्षमा दान देता हूं मैं सबकों सभी जीव मुझे क्षमा प्रदान करें, समस्त जगत के लोकों में किसी से मेरा बैर न रहे। प्रवचन के बाद छोटे छोटे बच्चों के द्वारा आने वाले समय में समाज मे धर्म, ज्ञान, संस्कार की विलुप्ति एवं वर्तमान में सुधार करने के बारे में नाट्य मंचन किया। तेरापंथ महिला मंडल एवं समता मंडल द्वारा संयुक्त रुप से भगवान महावीर के समय की प्रथमसती चंदनबाला जी के जीवनी के ऊपर नाट्य मंचन किये गये।
शाम में 5 बजे आलोयणा एवं 6 बजे से श्रावक एवं श्राविकाओं ने सामुहिक सांवत्सरिक प्रतिक्रमण किया प्रतिक्रमण के बाद स्वाध्यायी बन्धुओं एवं समाज के लोगों ने आपस मे एक दूसरे से क्षमा याचना की। आज छोटे लाल जी चोरड़िया, विशाल दस्सानी एवं धर्मेंद्र बोहरा के आज 8 उपवास, दिशा बैंगानी, परी बैंगानी, अमन सेठिया, भव्य सुराणा के आज 3 उपवास है, 50 बयासना संगीता लोढ़ा एवं आज सभी छोटे बड़े श्रावक श्राविकाओं का उपवास था।
कल सुबह 9 बजे से क्षमापना कार्यक्रम, स्वाध्यायी विदाई समारोह, तपस्वियों का बहुमान किया जायेगा एवं दोपहर 1:30 बजे से कन्या पाठशाला डोरंडा में स्वाध्यायी जी का प्रवचन है। दिगंबर जैन भवन, हरमू रोड में कल के क्षमा याचना कार्यक्रम में आप सभी पत्रकार बंधुओं को सादर आमंत्रित किया जाता है, आप सभी से निवेदन है कि समय निकाल कर अवश्य कार्यक्रम में शामिल होवें। मीडिया प्रभारी सुरेश जैन ने दिगंबर जैन भवन, हरमू रोड में कल की क्षमा याचना कार्यक्रम में लोगों को आमंत्रित किया है।