टीम एबीएन, रांची। जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्म संघ के आचार्य श्री महाश्रमण जी की विद्वान शिष्या समणी मधुर प्रज्ञा जी, शुभ प्रज्ञा जी, मनन प्रज्ञा जी आदि ठाना 3 का प्रवास रांची में चल रहा है। प्रतिदिन सुबह 8:45 से 9:45 प्रवचन, दोपहर 2:30 बजे से 3:30 बजे तक ज्ञान चर्चा तथा रात्रि 8:15 से अरिहंत वंदना की जाती है। आज के प्रवचन में समणी मधुर प्रज्ञा जी ने श्री अर्थ के बारे में तथा बुजुर्गों की सेवा के बारे में बताया।
समणी जी ने बताया कि श्री अर्थात लक्ष्मी लक्ष्मी का वास वहीं होता है जिस घर में बड़ो बुजुर्गों का सम्मान होता है तथा जहां कलह क्लेश नहीं होता है। जिस घर के बुजुर्ग का सम्मान होता है वे खुश रहते हैं तथा घर में शांति एवं आपसी रिश्तों में प्रेम होता है वहां लक्ष्मी स्थायी रूप से वास करती हैं। घर के लोगों को आपसी छोटी-छोटी बातों पर टकराव, मनमुटाव से बचना चाहिए।
आजकल छोटी छोटी बातों पर आपस मे बोलचाल बंद हो जाती है। कभी कभी पति पत्नी का तलाक भी हो जाता है। यह हमारी संस्कृति नहीं है। पुराने लोग घर में कितने भी मतभेद हो जाते थे पर साथ में ही मिल-जुल कर रहते थे। माता-पिता की बुढ़ापे में हमें सेवा करनी चाहिए। अच्छे से देखभाल करनी चाहिए, क्योंकि आने वाले समय में जब हम भी वृद्ध होंगे तो हमारे बच्चे भी आज की हमारी बुजुर्गों की सेवा देखकर हमारी सेवा करेंगे।
प्रत्येक माता पिता चाहते हैं कि बुढ़ापे में उनके बच्चे उनका सम्मान करें तथा उनकी जरूरत के अनुसार देखभाल करें और उनकी सेवा करना हमारा सबसे बड़ा धर्म और कर्तव्य है। हमें हमेशा अपने घर के बुजुर्गों का आशीर्वाद लेना चाहिए तथा उनके अनुभव से सीखना चाहिए।
हमारे पास बुद्धि, शक्ति, पैसा सब हो सकता है पर अनुभव हमारे घर के बड़े बुजुर्गों के पास ही मिलेगा। जीवन में कभी कभी ऐसा समय भी आता है जब हम समस्या में हो और उससे निकल पाने का तरीका हमे समझ नहीं आता है। परंतु घर के बुजुर्ग हमे आसानी से संकट का हल बता देते है, इसे एक कहानी के माध्यम से समणी जी ने समझाया।
आज काफी संख्या में समाज के लोग प्रवचन में उपस्थित थे, जिनमें मुख्य रूप से तेरापंथ सभा के अध्यक्ष विमल दस्सानी, अमरचंद बैंगानी, लाल चंद बोथरा, कोमल गेलड़ा, अशोक सुराणा, संजय सिंघी, प्रकाश चंद नाहटा, देवचंद पींचा, अमित बैंगानी, ललित सेठिया, सुमन बरमेंचा, रूबी बांठिया आदि उपस्थित थे। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी सुरेश जैन ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।