टीम एबीएन, रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) विधायक दल के नेता चंपई सोरेन ने शुक्रवार को झारखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह अपने पूर्ववर्ती हेमंत सोरेन द्वारा शुरू की गयी कल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ायेंगे। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने चंपई सोरेन को यहां राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी।
चंपई सोरेन के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आलमगीर आलम और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता सत्यानंद भोक्ता ने राज्य के मंत्रियों के रूप में शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित किया गया और इस अवसर पर झामुमो के नेतृत्व वाले गठबंधन के वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। आदिवासी समुदाय के नेता चंपई सोरेन (67) राज्य के 12वें मुख्यमंत्री हैं।
- अदालत ने हेमंत सोरेन को झारखंड विधानसभा में विश्वास मत में भाग लेने की अनुमति दी
रांची की एक विशेष अदालत ने शनिवार को झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पांच फरवरी को राज्य विधानसभा में विश्वास मत में भाग लेने की अनुमति दे दी। धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा बुधवार को गिरफ्तार किये गये हेमंत सोरेन ने विशेष पीएमएलए (धन शोधन निवारण अधिनियम) अदालत के समक्ष एक याचिका दायर की। इस याचिका में हेमंत ने नयी चंपई सोरेन सरकार के विश्वास मत में भाग लेने की अनुमति मांगी थी। शुक्रवार को अदालत ने सोरेन को पांच दिन के लिए ईडी की हिरासत में भेज दिया।
भारत जोड़ो न्याय यात्रा के झारखंड में प्रवेश करते ही नवनियुक्त मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने राहुल गांधी का जोरदार स्वागत किया। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि पिछली भारत जोड़ो यात्रा आरएसएस और भाजपा के खिलाफ है।
सुप्रीम कोर्ट ने धन शोधन मामले में हेमंत सोरेन की याचिका पर हस्तक्षेप करने से शुक्रवार को इनकार कर दिया। सोरेन ने प्रवर्तन निदेशालय द्वारा की गयी उनकी गिरफ्तारी को चुनौती दी थी।
सुप्रीम कोर्ट ने गिरफ्तारी के खिलाफ हेमंत सोरेन की याचिका पर सुनवाई से इनकार करते हुए उन्हें झारखंड हाई कोर्ट जाने को कहा है। शिबू सोरेन से मुलाकात के बाद झारखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री चंपई सोरेन कहते हैं कि अब वो राज्य में हेमंत सोरेन की जगह लेंगे। हेमंत सोरेन के करीबी माने जाने वाले चंपई सोरेन भी करोड़पति हैं मगर उनकी संपत्ति हेमंत सोरेन की अपेक्षा काफी कम है। हेमंत सोरेन के पास चंपई से चार गुणा अधिक संपत्ति है।
- गिरफ्तारी के खिलाफ हेमंत सोरेन की याचिका पर सुनवाई से न्यायालय का इनकार
सोरेन को 31 जनवरी को भूखंड के अवैध कब्जे और भूमि माफिया के साथ कथित संबंध से जुड़े धन शोधन मामले में गिरफ्तार किया गया था। रांची की एक विशेष पीएमएलए अदालत ने उन्हें बृहस्पतिवार को एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।