राज्य स्थापना दिवस पर अपोलोे अस्पताल का होगा भूमि पूजन
टीम एबीएन, रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में सरकार लगातार प्रयास कर रही है, ताकि आम जनता को बेहतर और आधुनिक चिकित्सीय सुविधाएं मिल सके। राज्य की जनता को बेहतर और आधुनिक चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी कड़ी में गुरुवार को सीएम की उपस्थिति में रांची स्मार्ट सिटी के एरिया बेस्ड डेवलपमेंट क्षेत्र में अपोलो मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के निर्माण के लिए रांची नगर निगम और अपोलो हॉस्पिटल इंटरप्राइजेज लिमिटेड, चेन्नई के बीच सब लीज डीड पर हस्ताक्षर किया गया। अस्पताल का भूमि पूजन राज्य स्थापना दिवस के मौके पर 15 नवंबर को होगा।
15 को अस्पताल का भूमि पूजन
सीएम ने अपोलो हॉस्पिटल इंटरप्राइजेज लिमिटेड, चेन्नई प्रबंधन से कहा कि वह इस अपोलो मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल को जल्द से जल्द शुरू करें। उन्होंने अस्पताल का भूमि पूजन 15 नवंबर को राज्य स्थापना दिवस के मौके पर करने का निर्देश दिया। वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने सीएम को बताया कि जल्द ही 250 बेड के अस्पताल निर्माण का कार्य शुरू हो जायेगा।
पहले चरण में यहां ओपीडी की शुरुआत होगी। अस्पताल में स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा। सामान्य चिकित्सक और पारा मेडिकलकर्मी झारखंड के होंगे। विभिन्न विभागों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जायेगी। सीएम ने इस मौके पर कहा कि झारखंड में पहले स्वास्थ्य व्यवस्था बहुत बेहतर नहीं रही है। 2019 में सरकार के गठन के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की दिशा में लगातार काम हो रहा है। इस कड़ी में सरकारी अस्पतालों को मजबूत किया जा रहा है। जांच और इलाज की आधुनिक सुविधायें उपलब्ध करायी जा रही हैं।
चिकित्सकों एवं पारा मेडिकल कर्मियों की नियुक्तियां हो रही है। सीएम ने उम्मीद जतायी कि अपोलो हॉस्पिटल इंटरप्राइजेज लिमिटेड के साथ यह समझौता विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में मिल का पत्थर साबित होगा। इससे यहां रोजगार के नये अवसर भी सृजित होंगे। स्मार्ट सिटी क्षेत्र की लगभग 2.75 एकड़ भूमि पर अपोलो अस्पताल का निर्माण कराया जायेगा। सब लीज 45 वर्षों के लिए किया गया है।