टीम एबीएन, सिमडेगा/ रांची। आज दिनांक 30.07.2023 (रविवार) को श्री सर्वेश्वरी समूह शाखा रांची (औघड़ भगवान राम आश्रम, अघोर पथ, लेक रोड पश्चिम, रांची) ने सर्वेश्वरी वृक्षारोपण अभियान वर्ष - 2023 के दूसरे चरण का आयोजन ग्राम- जुरकेला, प्रखंड- कोलेबिरा, पंचायत- अघरमा, जिला- सिमडेगा में किया।
कार्यक्रम में आम, अमरूद, मोहगनी, सागवान, आंवला, जामुन, बेल इत्यादि के 405 पौधों का रोपण एवं वितरण किया गया। समस्त कार्यक्रम श्री सर्वेश्वरी समूह के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा औघड़ गुरुपद संभव राम जी कर कृपामयी उपस्थिति में हुई।
कार्यक्रम की शुरुआत पूज्यपाद बाबा जी ने विधिवत आरती-पूजन कर किया। तत्पश्यात पूज्यपाद बाबा जी के कर कमलों द्वारा बेल के पौधे का रोपण भी किया गया। उसके बाद समूह सदस्यों ने लगभग 65 पौधे लगाये। कार्यक्रम में जुरकेला ग्राम के ग्रामीण बंधुओं के बीच एक लघु गोष्ठी की गयी।
जिसमें श्री सर्वेश्वरी समूह का संक्षिप्त परिचय देते हुए समूह द्वारा किये जा रहे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के बारे में भी ग्रामीण बंधुओं को अवगत कराया गया। साथ ही वृक्षों के कमी से हो रहे दुष्परिणामों के बारे में अवगत करते हुए वृक्षों के बचाव के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
गोष्ठी के बाद ग्रामीण बंधुओं के बीच लगभग 340 पौधों का वितरण किया गया। ज्ञात हो कि श्री सर्वेश्वरी समूह एक विश्व स्तरीय सामाजिक एवं धार्मिक संस्था है जो अनेक जनकल्याण के कार्यक्रम लगातार करती रहती है। जनसेवा के लिए श्री सर्वेश्वरी समूह का नाम गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकॉर्ड एवं लिम्का बुक आफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है।
सर्वेश्वरी वृक्षारोपण अभियान उन्हीं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों में से एक है जिसे पूरे वर्षा ऋतु में चलाया जायेगा। इस वृहद वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से लोगों को वृक्ष लगाने एवं वृक्षों को बचाने के प्रति भी जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
ज्ञात हो कि आज के कार्यक्रम के पूर्व ग्राम- गंगड़ा, जिला गुमला में भी समूह शाखा 319 पौधों का रोपण एवं वितरण कर चुका है। कार्यक्रम में श्री सर्वेश्वरी समूह के रांची, गुमला, जशपुर एवं सिमडेगा शाखा से लगभग 50 श्रद्धालु-सदस्यगण शामिल हुए।