टीम एबीएन, रांची। विश्व हिंदू परिषद झारखंड प्रांत अपने वार्षिक कार्यक्रम के तहत प्रांत के सभी जिलों में लगभग 4000 स्थानों पर श्रीराम महोत्सव कार्यक्रम आयोजन करने का निर्णय लिया गया है। विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री डॉ बिरेन्द्र साहु ने बताया कार्यक्रम 22 मार्च से 5 अप्रैल तक चलेगा।
6 अप्रैल को हनुमान जयंती के पावन दिवस पर मंदिरों में हनुमान चालीसा एवं महाआरती का आयोजन कर कार्यक्रम संपन्न होंगे। डॉ साहू ने कहा कार्यक्रम के लिए प्रांत में जोरों की तैयारी चल रही है। हिंदू नववर्ष एवं श्रीराम महोत्सव के कार्यक्रम के निमित्त दीवार लेखन, भगवा ध्वज एवं फ्लेक्स - बैनर के माध्यम से जगह-जगह नगर सज्जा की जा रही है।
डॉ साहू ने कहा भगवान पुरुषोत्तम श्री राम लल्ला का भव्य मंदिर अयोध्या जी में पूर्ण होने वाला है। हम विजय उत्सव के रूप में श्री राम महोत्सव मना रहे हैं। भगवान पुरुषोत्तम श्रीराम समस्त भारतीय जनमानस के हृदय में बसा है। कार्यक्रम के माध्यम से समाज में उनका जीवन दर्शन कराया जायेगा।
डॉ साहू ने बताया इस कार्यक्रम को शुभारंभ विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे जी 22 मार्च, 2023 को गुमला व सिमडेगा एवं 23 मार्च, 2023 को खूंटी और रांची में करेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिलों में बैठकें चल रही है।
विश्व हिंदू परिषद प्रांत मंत्री डॉ बिरेन्द्र साहू, प्रांत संगठन मंत्री देवी सिंह, प्रांत सह मंत्री रंगनाथ महतो, खूंटी जिला अध्यक्ष विनोद जयसवाल, विभाग मंत्री किशुन झा, विभाग सह मंत्री विकास सिंह आदि ने खूंटी जिला सहित सभी जिलों के कार्यक्रम की समीक्षा की। उक्त जानकारी विहिप के प्रांत मंत्री डॉ बिरेन्द्र साहू ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।