- यात्रियों की भीड़ को देख जागरूकता अभियान चला रहा आरपीएफ
टीम एबीएन, झुमरी तिलैया (कोडरमा)। होली की छुट्टियां बिताने के बाद शुक्रवार से काम पर लौटने की होड़ शुरू हो गयी है। मुंबई, दिल्ली, जयपुर सहित देश के विभिन्न राज्यों में काम करने वालों के साथ-साथ पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्राएं भी विभिन्न ट्रेनों के जरिये लौटने लगे हैं।
कोडरमा जंक्शन के रास्ते होकर चलने वाली कई मेल एक्सप्रेस सहित राजधानी एक्सप्रेस में लंबी सूची है। धनबाद गया इंटरसिटी, हटिया पटना एक्सप्रेस, पटना रांची जनस्ताब्दी एक्सप्रेस, पूरी नयी दिल्ली पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, हावड़ा मुंबई मेल, गंगा दामोदर सहित कई ट्रेनों में चढ़ना मुस्किल हो गया है।
मार्च के तीसरे सप्ताह तक कई ट्रेनों में वेटिंग की लंबी लिस्ट है। होली पर घर आने ओर लौटने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने कई स्पेशल ट्रेनें भी चलायी है पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत धनबाद रेल मंडल सहित कई मंडलों के लिए 196 विशेष रेल सेवाएं शुरू की गयी है।
इधर, पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर के सीपीआरओ बीरेंद्र कुमार ने बताया की होली इस मौजूदा त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुविधाओं के लिए अनारक्षित डब्बों में प्रवेश के लिए आरपीएफ कर्मचारियों को भीड़ नियंत्रण के लिए तैनात किया गया है। इसके अलावा प्लेटफार्म नंबर के साथ-साथ ट्रेनों के आवागमन और प्रस्थान के लिए लगातार समयबद्ध की घोषणा करायी जा रही है।
इधर, आरपीएफ कोडरमा के निरीक्षक प्रभारी जवाहर लाल ने बताया कि कोडरमा से पहाड़पुर के बीच सभी स्टेशनों पर यात्रियों को जागरूक किया जा रहा है ताकि यात्रा में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।
उनके नेतृत्व में कोडरमा रेलवे स्टेशन पर ट्रेनें में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए 10 मार्च को सुपर एक्सप्रेस, पुरुषोतम एक्सप्रेस और डेमो ट्रेन को 2 -2 मिनट अतिरिक्त ठहराव कराया गया। ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
वहीं उन्होंने बताया कि अकेली महिला और युवतियों के लिए मेरी सहेली अभियान के तहत आरपीएफ महिला जवानों को भी प्लेटफार्म और ट्रेनों में लगाया गया है। यात्रियों के किसी प्रकार की असुविधा के लिए 139 टोल फ्री नंबर सूचना दी जा सकती है जिस पर त्वरित कार्यवाही की जा सके।