टीम एबीएन, रांची। बचपन के ख्वाब को भी हकीकत में बदला जा सकता है। इसे साबित कर दिखाया है, बचपन से ही अभिनय के क्षेत्र में रूचि रखने वाली रांची की सृष्टि सिंह ने। मध्यमवर्गीय परिवार से संबंध रखने वाली सृष्टि सिंह ने अपने कॅरियर की शुरुआत बतौर केबिन क्रू कतर एयरलाइंस से की लेकिन अभिनय में जबरदस्त रूझान होने के कारण नौकरी से उनका मोह भंग हो गया।
नौकरी छोड़ने के बाद उन्होंने अभिनय को अपना कॅरियर बनाने की ठानी। अंतत: उन्हें अथक परिश्रम व संघर्ष के बाद सफलता भी प्राप्त हुई है। सृष्टि सिंह स्टार प्लस से प्रसारित चाशनी सीरियल में इन दिनों रोशनी के किरदार में नजर आ रही हैं। उनका अभिनय काफी आकर्षक और शानदार है। यह सीरियल स्टार प्लस पर प्रसारित हो रहा है।
सृष्टि सिंह ने उसुर्लाइन कॉन्वेन्ट रांची से मैट्रिक की परीक्षा पास की है। संत जेवियर्स कॉलेज रांची से कुछ समय तक पढ़ाई करने के बाद संजय गांधी मेमोरियल कॉलेज पंडरा से इंटर और स्नातक की पढ़ाई पूरी की। उन्होंने इंस्टीटयूट आॅफ बिजनेस मैनेजमेंट स्टडी कोलकाता से एमबीए किया है। उनका शौक डांसिंग और ट्रैवलिंग करना है।
उन्होंने अपने जॉब और मॉडलिंग के कारण थाइलैंड, साउथ अफ्रीका, जर्मनी, न्यूजीलैंड, जापान, चीन, इंडोनेशिया, स्विटजरलैंड, लंदन सहित कई अन्य देशों का भ्रमण किया है। उन्हें बिरयानी और गोलगप्पा खाना खूब पसंद है। नीला उनका पसंदीदा रंग है। अभिनय से पहले सृष्टि सिंह मॉडलिंग करती थीं। उन्हें बचपन से ही अभिनय और मॉडलिंग का शौक था, हालांकि इसके लिए उन्होंने कहीं से प्रशिक्षण नहीं लिया है।
2 जुलाई को जन्मी सृष्टि सिंह को उनके पिता संजय सिंह से विरासत में अभिनय का गुण प्राप्त हुआ है। संजय सिंह की भी अभिनय में रूचि रही है। उन्होंने नागपुरी फिल्म गुईया नं-1 में शानदार अभिनय भी किया है। वर्तमान में संजय सिंह आकाशवाणी राँची में कार्यरत हैं। इसके पूर्व वे विविध भारती मुम्बई में कार्यरत थे। सृष्टि सिंह की दो और बहनें अनन्या सिंह और यशस्वी सिंह हैं।
अनन्या एमबीबीएस डॉक्टर हैं और यशस्वी मॉडलर। सृष्टि सिंह ने बातचीत में बताया कि उन्हें रांची और झारखंडवासियों का प्यार मिलता रहे, यही आशा है। उनका जैसा रूप है वैसा ही गुण। बेहद दयालु सृष्टि सिंह समाज के जरूरतमंदों की बढ़-चढ़कर सेवा करती हैं। उनके इस मुकाम पर पहुंचने से परिवार वाले बेहर खुश हैं।