एबीएन सेंट्रल डेस्क। दक्षिण अफ्रीका से लाये जा रहे 12 चीतों में सात नर और पांच मादा हैं। चीतों की देखभाल के लिए 10 क्वारंटीन बाड़े तैयार किये गये हैं। इसके अलावा दो आइसोलेशन वार्ड भी तैयार किये गये हैं।
देश आज एक बार फिर चीतों के स्वागत का इंतजार कर रहा है। आज दक्षिण अफ्रीका से मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले स्थित कूनो नेशनल पार्क में 12 चीते और लाए जायेंगे, जिसके बाद कूनो नेशनल पार्क में चीतों की संख्या बढ़कर 20 हो जायेगी। आज आने वाले 12 चीतों के जत्थे में 7 नर और 5 मादा चीते हैं। पिछले साल 17 सितंबर को नामीबिया से लाये गये 8 चीतों में 3 नर और 5 मादा चीते थे। तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लीवर घुमाकर लकड़ी के पिंजड़े खोलकर इन चीतों को पार्क में छोड़ा था।
इन चीतों को भारत में चीतों की आबादी को पुनर्जीवित करने की परियोजना के तहत लाया जा रहा है। दक्षिण अफ्रीका से भारतीय वायुसेना के परिवहन विमान से शनिवार सुबह ग्वालियर पहुंचने के 30 मिनट बाद इन चीतों को वहां से भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों से करीब 165 किलोमीटर दूर कूनो नेशनल पार्क ले जाया जायेगा।