- संस्कारयुक्त शिक्षा ही संपूर्ण शिक्षा : प्राचार्य एसके मिश्रा
टीम एबीएन, रांची। आज एसआर डीएवी पब्लिक स्कूल, पुंदाग में मातृ-पितृ पूजन समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें एलकेजी से द्वितीय संवर्ग के विद्यार्थियों के तकरीबन 500 अभिभावकों ने शिरकत किया। मौके पर पर बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकदीर्घा का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान दीप के प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मौके पर ईईडीपी शिक्षिकाओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। तत्पश्चात बच्चों ने संगीत, नृत्य, लघुनाटिका आदि की शानदार प्रस्तुति दी। पूरे कार्यक्रम के दौरान अभिभावक अपने छोटे बच्चों की मोहक प्रस्तुति देख भावुक नजर आये।
प्राचार्य श्री संजय कुमार मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज का विशेष दिन माता-पिता के नाम समर्पित है। बच्चों में अपने माता-पिता एवं गुरुजनों के प्रति अगाध प्रेम विकसित करने की जरूरत है। आज की स्थिति में माता-पिता दोनों कामकाजी हैं, वे अपने बच्चों के साथ अधिक समय नहीं बिता पाते। आज के परिप्रेक्ष्य में माता-पिता और बच्चों के संबंध में प्रगाढ़ता होनी चाहिए।
हमें बच्चों को उनकी जिम्मेदारी हमेशा बतानी चाहिए तथा उनके प्रति प्यार व्यक्त करने में भी कंजूसी नहीं करनी चाहिए। उन्हें हर हाल में अनुशासन तथा संस्कार से जोड़कर रखना चाहिए। अति सर्वत्र वर्जयेत् के सिद्धांत का पालन करते हुए बच्चों से संतुलित व्यवहार करना चाहिए।
उन्होंने डीएवी प्रबंधन के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि डीएवी पुंदाग संस्कारयुक्त एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने हेतु कृतसंकल्प है। कार्यक्रम को सफल बनाने में ईईडीपी के सभी शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा। शिक्षिका रंजू पांडे के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।