टीम एबीएन, दारू (हजारीबाग)। दारू प्रखंड के पाण्डेयटोला जबरा निवासी अंकित कुमार पिता प्रदीप शर्मा का दारू में रविवार को भव्य स्वागत किया गया। अंकित ने यूपीएससी इंजीनयरिंग की परीक्षा को क्वालीफाई कर देश मे छठा रैंक लाये हैं, जिससे पूरे प्रखंड क्षेत्र के लोगों में काफी खुशी है।
रविवार को अंकित के मुम्बई से दारू आगमन होने पर पेटो चौक से जबरा पाण्डेयटोला तक गाजे बाजे के साथ ले जाया गया। इसके लिए एक खुली वाहन को फूलों से सजाकर अंकित को फूलमाला से लाद दिया गया और अतिशबाजी और पुष्पवर्षा के साथ उन्हें उनके घर तक ले जाया गया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर लोग खड़े होकर अंकित को आशीर्वाद और बधाई दी। इस दौरान अंकित ने रास्ते मे आने वाले मंदिरों में मत्था टेका और भगवान का आशीर्वाद लिया।
अंकित ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता पिता, गुरुजन और कठोर परिश्रम को दिया उन्होंने कहा कि कड़ी मेहनत से हर लक्ष्य को पाया जा सकता है, बशर्ते ईमानदारी से प्रयास किया जाये। घर में माता पिता भाई बहन का साथ मिला, जहां भी शिक्षा ग्रहण किया हमेशा अपने गुरुओं से कुछ सीखने की कोशिश की। उनकी सफलता पर उनके घर के परिजनों के साथ-साथ पूरे प्रखंड की जनता काफी खुश है।