टीम एबीएन, रांची। रविवार को विश्वंभर फाउंडेशन, ट्रस्ट रांची हरमू स्थित स्वागतम बैंक्वेट हॉल में स्व अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती दिवस पर ‘पंचांग विमोचन सह स्नेहिल मिलन’ कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। यह कार्यक्रम प्रात: 11:30 बजे होना तय है। जैसा कि ज्ञात है विश्वंभर फाउंडेशन मैथिली भाषा के साथ अन्य झारखंड की स्थानीय भाषा के संवर्धन के क्षेत्र एवं अन्य सामाजिक कार्य में अपनी अहम भूमिका निभा रही है।
वर्ष 2023 के पंचांग सह कैलेंडर में झारखंड की प्रख्यात सोहराय पेंटिंग एवं मिथिला पेंटिंग के माध्यम से संस्कृति एवं परिधान को चित्रकला की प्रख्यात कलाकार श्रीमती अभिलाषा चौधरी के पेंटिंग के माध्यम से दर्शाया गया है। इस पंचांग में मिथिला के पाबिन तिहार, विवाह - द्विरागम- जनेऊ- मुंडन- भदवा- गृहप्रवेश आदि तिथियों को दर्शाया गया है। पंचांग का निर्माण मिथिला के प्रकांड विद्वान पंडित कपिलदेव मिश्र ने किया है। पंचांग विमोचन पद्मश्री अशोक भगत, रांची विधायक श्रीमान सीपी सिंह, सांसद संजय सेठ संग कई गणमान्य अथिति करेंगे।
कार्यक्रम की शोभा सुंदर बनाने के लिए रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन मिथिला के स्थानीय कलाकार अश्वनी आनंद, रूपा चौधरी, ज्योति मिश्रा, निभा झा प्रस्तुत करेंगे। इस कार्यक्रम में ज्यादा से ज्यादा लोगों की उपस्थिति हो, इसके लिए मिथिलावासियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से हकार रूपी निमंत्रण दिया जा रहा है। उक्त जानकारी विश्वंभर फाउंडेशन के सचिव नवीन कुमार झा ने दी।