- रांची में 9 जगहों पर चलाए जा रहे शेल्टर होम, नि:शुल्क है ठहरने की व्यवस्था
टीम एबीएन, रांची। झारखंड की राजधानी रांची में इन दिनों शाम ढलने के बाद ठंड बढ़ जाती है। लोग अपने-अपने घरों में दुबक जा रहे हैं। अंधेरा शुरू होते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। मगर फिर भी शहर के कुछ इलाकों में बेघर व जरूरतमंद लोग सड़कों पर खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजूबर हैं। ऐसे बेसहारा लोगों के लिए नगर निगम नौ जगहों पर आश्रयगृह का संचालन कर रहा है। जहां वो निशुल्क विश्राम कर सकते हैं।
रांची नगर निगम की ओर से खादगढ़ा बस स्टैंड, खादगढ़ा बस, रिम्स के पास, एजी मोड़, जगरनाथपुर, धुर्वा बस स्टैंड, बकरी बाजार, आईटीआई बस स्टैंड व मधुकम में आश्रयगृह का संचालन किया जा रहा है। खादगढ़ा बस स्टैंड के पास एक महिला व एक पुरुष आश्रयगृह बनाया गया है। शेष अन्य सभी आश्रयगृह केवल पुरुषों के लिए हैं।