एबीएन सेंट्रल डेस्क। जिले में शुक्रवार को नमामि गंगे परियोजना के तहत युवाओं की सहभागिता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप भाग लेने आये जूना अखाड़े के महंत चैतन्यपुरी महाराज व हास्य- व्यंगकार अन्नू अवस्थी ने युवाओं को आह्वान करते हुए कहा कि गंगा की सफाई के लिए यदि हर व्यक्ति स्वयं संकल्प ले ले कि सिर्फ मैं आज से गंगा को किसी रूप में प्रदूषित नहीं करूंगा तो मैं निश्चय पूर्वक कह सकता हूं कि एक महीने के अंदर गंगा पूरी तरह से स्वच्छ हो जायेगी।
महंत चैतन्य पुरी महाराज ने गंगा के महत्व को बताते हुए कहा कि गंगा माता से भारत की दुनियां में पहचान होती रही है लेकिन आज गंगा का प्रदूषण चिंताजनक है जिसे साफ करना हम सब की जिम्मेदारी है। व्यक्तिगत, सामाजिक संस्थाओं व सरकार के सहयोग से यह कार्य पूरा किया जा सकता है। गंगा की स्वच्छता जरूरी है क्योंकि यह दुनिया में भारत का मान बढ़ाया है।
अन्नू अवस्थी ने व्यंग करते हुए कहा कि मैं और मेरे परिवार गंगा को गंदा किया है जिसकी सफाई करना आप लोगों का काम है, आप लोग साफ करिये। अपने इस व्यंग से उन्होंने उन सभी लोगों को उलाहना दिया जो अपनी जिम्मेदारी को दूसरों पर डालकर अपने कर्तव्य की इतिश्री कर लेते हैं।