एबीएन सेंट्रल डेस्क। आज के समय में बैंकिंग सर्विसेज का लाभ उठाना बेहद आसान हो गया है। लोग अपने स्मार्टफोन की मदद से बैंक से जुड़े काम बस कुछ ही मिनटों में कर लेते हैं। हालांकि, इन सुविधाओं के साथ स्कैमर्स या हैकर्स का भी खतरा साथ में आता है। अगर आप एसबीआई के कस्टमर हैं, तो आपको सावधान रहने की जरूरत है। बताते चलें कि आजकल एक मैसेज कई एसबीआई अकाउंट होल्डर्स के पास आ रहा है, जिसमें उनसे पैन कार्ड की डिटेल्स अपडेट करने को कहा जा रहा है। चूंकि, एसबीआई के कस्टमर्स की संख्या ज्यादा है, तो फ्रॉडस्टर्स अपने जाल में लोगों को फसाने के लिए नये-नये तरीके आजमाते रहते हैं।
क्या मैसेज भेज रहे हैं फ्रॉडस्टर्स : डियर कस्टमर, आपका एसबीआई अकाउंट आज बंद हो गया है। दिये गये नंबर पर तुरंत संपर्क करें और अपना पैन नंबर अपडेट करें। इस तरह के मैसेज किसी भी यूजर को परेशान कर सकते हैं और गलती से कई यूजर इस जाल में फंस भी सकते हैं। अगर आपके पास भी ऐसा कोई मैसेज आया है तो पीआइबी फैक्ट चेक ने लोगों को अपने आॅफिशियल ट्विटर अकाउंट पर सचेत रहने के लिए कहा है। साथ ही पीआइबी ने लोगों को बताया है कि यह मैसेज फेक है और इस तरह के मैसेज या मेल पर रिप्लाई करने को यूजर्स से मना किया है। साथ ही बैंक कस्टमर्स से कहा है कि अगर किसी के पास ऐसा मेल या मैसेज आता है, तो इस बात की जानकारी report.phishing@sbi.co.in पर भेज सकते हैं।
हालांकि, बैंक भी अपने ग्राहकों इस तरह के फ्रॉड मैसेज या मेल से सावधान रहने को कहता है। साथ ही अपनी पर्सनल डिटेल्स को किसी अनजान व्यक्ति के साथ शेयर करने से भी मना करता है। इसलिए आॅनलाइन ठगी से बचने के लिए आपको हमेशा सावधान रहना चाहिए और अधिकारिक सूचना के लिए हमेशा अपने बैंक की अधिकारिक साइट पर ही जाना चाहिए या फिर अपने बैंक की शाखा पर जा कर भी आप अपनी समस्या का समाधान भी पा सकते हैं।