टीम एबीएन, कोडरमा। शादी-व्याह और ग्रह-नक्षत्र के मामले में लोग ज्योतिषियों की राय तो लेते ही हैं किंतु अब अपने घरों को पेंट करने में भी ज्योतिषियों से सलाह लेने लगे हैं। दीपावली में जहां एक ओर लोग अपने घरों को रंगीन बल्वों से सजाने की तैयारी में जुटे हैं वहीं दूसरी ओर कुछ लोग ज्योतिषियों से बात कर राशि के अनुकूल रंगों से अपने घरों को पेंट करने लगे हैं। इधर, मां तारा ज्योतिष संस्थान के आचार्य अनिल मिश्रा ने बताया कि राशि के अनुसार घर को कलर करने से सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि घर के मुखिया की राशि के अनुसार घर को पेंट करना शुभ माना जाता है। उन्होंने मेष के लिए लाल, वृष के लिए ग्रे, मिथुन के लिए आसमानी, कर्क के लिए फिरोजी, सिंह के लिए केसरिया, कन्या राशि के लिए लाइट यलो, तुला के लिए पर्पल, वृश्चिक के लिए लाइट कलर, धनु के लिए डार्क कलर, मकर के लिए लाइट कलर, कुंभ के लिए जामुनी कलर और मीन राशि वालों के लिए कोई भी लाइट कलर से घर को रंगने की बात कही। उन्होंने कहा कि राशि के स्वामी के अनुसार रंगों का चयन कर घर को पेंटिंग करने से काफी लाभ होता है।