एबीएन सेंट्रल डेस्क। दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि सरकार ने 5जी स्पेक्ट्रम की नीलामी संपन्न होने के कुछ ही दिन के भीतर स्पेक्ट्रम हार्मोनाइजेशन प्रक्रिया पूरी कर ली है। इससे अधिक दक्षता के लिए एक बैंड विशेष के भीतर कंपनियों के पास उपलब्ध संबंधित स्पेक्ट्रम को दुरुस्त किया जाता है। 5जी सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण है स्पेक्ट्रम हार्मोनाइजेशन प्रक्रिया
स्पेक्ट्रम हार्मोनाइजेशन प्रक्रिया 5जी सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण है। इसके तहत सभी दूरसंचार सर्विस प्रोवाइडर्स की सहमति के साथ एक बैंड के भीतर उपलब्ध रेडियो तरंग के एक समूह को एक निकटवर्ती ब्लॉक में लाया जाता है। स्पेक्ट्रम हार्मोनाइजेशन से कंपनियों की क्षमता बढ़ती है क्योंकि एक बैंड में उनके पास उपलब्ध रेडियो तरंगों के हिस्से को एक साथ लाया जाता है। यह कार्य कंपनियों की सहमति से किया जाता है।
12 अगस्त तक कर दिया जाएगा स्पेक्ट्रम आवंटन की प्रक्रिया : वैष्णव ने कहा कि सरकार नीलामी में कंपनियों द्वारा लिए गए स्पेक्ट्रम को समय पर आवंटित करने के लिए काम कर रही है। आवंटन 12 अगस्त तक कर दिया जाएगा। सचिवों की समिति से इस बारे में मंजूरी की प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है। वैष्णव ने कहा, हमने 12 अगस्त तक स्पेक्ट्रम आवंटित करने का जो वादा किया है, उस पर आगे बढ़ रहे हैं। चीजें समय पर हैं।