मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा के तीसरे स्थायी प्याऊ का उद्घाटन

 

टीम एबीएन, रांची। भीषण गर्मी में राहगीरों एवं जरूरतमंदों को शीतल जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मारवाड़ी युवा मंच, रांची शाखा द्वारा संचालित तीसरे स्थायी प्याऊ का उद्घाटन समारोह हर्ष, उत्साह एवं सेवा भाव के साथ सम्पन्न हुआ। यह स्थायी प्याऊ हनुमान मंदिर, हरिहर सिंह रोड के सामने, टैगोर हिल लेन, मोराबादी, रांची में समाज को समर्पित किया गया। 

कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों एवं गणमान्य लोगों ने सेवा कार्य की सराहना करते हुए कहा कि प्यासे को पानी पिलाना केवल सेवा नहीं, बल्कि मानवता के प्रति सबसे सुंदर समर्पण है। मंच द्वारा किया गया यह प्रयास समाज में सेवा, संस्कार एवं सामाजिक समर्पण का प्रेरणादायी संदेश देता है। 
मारवाड़ी युवा मंच, रांची शाखा द्वारा निरंतर जनसेवा के विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में स्थायी प्याऊ की यह पहल राहगीरों के लिए गर्मी में राहत का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। 

इस अवसर पर शाखा अध्यक्ष विकास अग्रवाल ने कहा भीषण गर्मी में जरूरतमंदों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना सबसे बड़ा पुण्य एवं मानव सेवा है। मारवाड़ी युवा मंच रांची शाखा सदैव सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाती रही है और आगे भी समाजहित के कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे। हमारा प्रयास है कि शहर के अधिक से अधिक क्षेत्रों तक यह सेवा पहुंचे, ताकि कोई भी व्यक्ति प्यासा न रहे। उन्होंने बताया की रांची में कुल 11 स्थायी प्याऊ क्षेत्रों में लगाये जा चुके हैं और आज के स्थायी प्याऊ सोनीत अग्रवाल के सहयोग से लगाया गया है। 

शाखा सचिव मुकेश शर्मा ने कहा स्थायी प्याऊ एवं वाटर कूलर फ्रीजर की यह व्यवस्था राहगीरों, श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के लिए काफी लाभदायक साबित हो रही है। मंच द्वारा बहुत जल्द शहर के अन्य विभिन्न क्षेत्रों में भी अतिरिक्त वाटर कूलर फ्रीजर लगाने की योजना बनायी गयी है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को गर्मी में राहत मिल सके। 

कार्यक्रम में मंच के पदाधिकारीगण, सदस्यगण एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस सेवा कार्य को समाजहित में अत्यंत सराहनीय बताया तथा भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यों के लिए मंच को शुभकामनाएं दीं। जहां सेवा का भाव होता है, वहीं समाज में सम्मान और अपनापन स्वत: बढ़ता है। इस कार्यक्रम के संयोजक योगेश्वर अग्रवाल, संकेत सरावगी एवं गौतम अग्रवाल थे। उक्त जानकारी मंच के प्रवक्ता अमित शर्मा ने दी।

Newsletter

Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.

We do not share your information.

Tranding

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।

© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse