टीम एबीएन, रांची। एक मई को रांची के बरियातू में एक शादी समारोह से 20 लाख रुपये के गहने उड़ाने वाले शातिर चोर जैकी सिंह को रांची पुलिस ने मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से 16 लाख के गहने भी बरामद कर लिये गये हैं।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि एक मई को रांची के मैथन मैरेज हॉल में एक शादी समारोह के दौरान अज्ञात अपराधियों द्वारा दुल्हन का गहनों और रुपयों से भरा बैग तथा मोबाइल चोरी कर ली गयी थी। मामले को लेकर बरियातू थाना कांड सं0-79/26 दिनांक-02.05.26 धारा-303 (2)/62(2)/318 (4) भारतीय न्याय संहिता दर्ज हुआ था।
इस कांड के उद्भेदन और कांड में संलिप्त अज्ञात अपराधियों तथा चोरी किये गये सामान की बरामदगी के लिए डीएसपी सदर, रांची के नेतृत्व में एक टीम गठित की गयी थी। गठित टीम के द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार और तकनीकी सहयोग से अंतर्राज्यीय चोर गिरोह से जुड़े अभियुक्त जैकी सिंह, पिता-नंदन सिंह, निवासी ग्राम- गुलखेड़ा, थाना-बोड़ा, जिला- राजगढ़ (मध्य प्रदेश) को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ के कम में अभियुक्त द्वारा अपना अपराध स्वीकार किया गया। अभियुक्त की निशानदेही पर चोरी किये गये करीब 16 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी और हीरे के आभूषण तथा 96,800 रुपये नगद बरामद किया गया।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि एमपी का गुलखेड़ा गांव चोरी के लिए खासा बदनाम है। इस गांव के लोग अलग-अलग राज्यों में जाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। रांची के शादी समारोह में चोरी करने वाला जैकी सिंह भी इसी गांव का रहने वाला है। जैकी सिंह ट्रेन के माध्यम से रांची पहुंच था और एक बच्चे के साथ शादी समारोह में गेस्ट बनकर पहुंचा और वहां से दुल्हन का गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गया था।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि बरियातू थाने के दो सब इंस्पेक्टर एक सप्ताह से अधिक समय तक मध्य प्रदेश में रहकर जैकी की रेकी करते रहे, ताकि उसे गिरफ्तार किया जा सके। जैकी का सही पता मिलने के बाद स्थानीय पुलिस की सहायता से उसे गिरफ्तार किया गया।
Subscribe to our website and get the latest updates straight to your inbox.
टीम एबीएन न्यूज़ २४ अपने सभी प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और स्नेह के लिए धन्यवाद।
© www.abnnews24.com. All Rights Reserved. Designed by Inhouse